सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हो गया। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के शिलान्यास और भूमि पूजन कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद जगदंबिका पाल और अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा के समर्थक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और मंच पर ही लात-घूंसे चलने लगे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

19.66 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास कार्यक्रम 

दरअसल, यह मामला सिद्धार्थनगर जिले के बढ़नी ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर का है। यहां करीब 19.66 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाना है। शनिवार को इसी परियोजना के शिलान्यास और भूमि पूजन के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में डुमरियागंज से BJP सांसद जगदंबिका पाल और शोहरतगढ़ से अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा के समर्थक मौजूद थे।

आपस में भिड़े BJP सांसद-विधायक, जमकर चले लात-घूंसे

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं के समर्थन में नारेबाजी होने लगी। इसी बीच मंच पर विधायक विनय वर्मा के समर्थन में नारे लगा रहे भाजपा नेता प्रदीप कमलापुरी के साथ कुछ लोगों की कहासुनी हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया एवं कुछ लोग मंच पर पहुंच गए। जिसके बाद वहां मौजूद प्रदीप कमलापुरी के साथ मारपीट की गई। इस दौरान धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया।
 

ये भी पढ़ें- गुजरात हादसे के पीड़ितों को PM मोदी की आर्थिक मदद, मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये