जम्मू-कश्मीर में वक्फ दिवस के कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् बजाए जाने को लेकर नया राजनीतिक और धार्मिक विवाद खड़ा हो गया है। श्रीनगर में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत बजने के बाद कुछ मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इसका विरोध किया। मामला उस समय और चर्चा में आ गया, जब जम्मू के कई इमामों और मौलवियों ने वीडियो जारी कर वंदे मातरम् के दौरान खड़े होने पर अफसोस जताया और अल्लाह से माफी मांगी।
दरअसल, श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST-कश्मीर) में वक्फ दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, उनके अलावा जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी, राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद मियां अल्ताफ अहमद लारवी और कई विश्वविद्यालयों के कुलपति भी मौजूद थे। कार्यक्रम में इस्लामी विद्वानों और धर्मगुरुओं ने भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् बजाया गया। इसके वीडियो सामने आने के बाद कुछ धार्मिक संगठनों और नेताओं ने इस पर नाराजगी जताई, उनका कहना था कि इस तरह के कार्यक्रम में राष्ट्रगीत बजाना जरूरी नहीं था और इसे किसी पर थोपना सही नहीं है।
MMU ने वक्फ बोर्ड पर उठाए सवाल
इस पूरे मामले पर जम्मू-कश्मीर के प्रमुख इस्लामी संगठनों के समूह मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) ने भी आपत्ति जताई। संगठन का नेतृत्व कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक करते हैं।
MMU ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) का हवाला देते हुए कहा कि किसी सरकारी कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाना कानूनी रूप से जरूरी नहीं है। संगठन ने वक्फ बोर्ड की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह मुस्लिम वक्फ संपत्तियों और उनसे जुड़ी धार्मिक मान्यताओं की रक्षा करने में नाकाम रहा है।
मीरवाइज उमर फारूक ने गीत को कार्यक्रम में शामिल किए जाने पर नाराजगी जताई, उनका कहना था कि इस तरह की गतिविधियों से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। MMU का तर्क है कि मातृभूमि को देवी या ईश्वरीय रूप में प्रस्तुत करना इस्लाम की एकेश्वरवाद की मान्यता यानी तौहीद के खिलाफ है।
मौलाना अब्दुल रशीद दाऊदी ने क्या कहा?
मौलाना अब्दुल रशीद दाऊदी ने वंदे मातरम् बजने के दौरान खड़े होने के अपने फैसले पर सफाई दी, उन्होंने कहा कि अब ऐसा करना जरूरी हो गया है, क्योंकि इसे कानून का हिस्सा बनाया गया है। हालांकि, उनका यह भी कहना था कि उस कार्यक्रम में राष्ट्रगीत गाना अनिवार्य नहीं था, क्योंकि वह सरकारी कार्यक्रम नहीं था।
दूसरी ओर, कार्यक्रम में शामिल हुए जम्मू के कई इमामों और मौलवियों ने वीडियो जारी कर अपने कदम पर खेद जताया, उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से जानकारी नहीं थी कि कार्यक्रम में वंदे मातरम् भी बजाया जाएगा। जब गीत शुरू हुआ तो वे शिष्टाचार या स्थिति को ठीक से समझ नहीं पाने के कारण खड़े हो गए थे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने गीत नहीं गाया था।
एक मौलाना ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि गीत बजने के बाद उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अल्लाह से माफी मांगी और अपने इस्लामी विश्वास को दोहराने के लिए कलमा-ए-शहादत भी पढ़ा।
ये भी पढ़ें- अमेरिका के नए टैरिफ प्रस्ताव पर भारत का जवाब, कहा- देश में कहीं भी....
कानूनी सलाह ले रहा है MMU
विवाद बढ़ने के बाद MMU ने कहा है कि वह इस मामले में कानूनी सलाह ले रहा है। संगठन की ओर से संबंधित अधिकारियों को एक औपचारिक ज्ञापन भी सौंपने की तैयारी है।
MMU का आरोप है कि जम्मू-कश्मीर के सरकारी कार्यक्रमों और शिक्षण संस्थानों में वंदे मातरम् को अनिवार्य करने की कोशिश की जा रही है। संगठन इसे धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ मानता है।
फिलहाल वंदे मातरम् को लेकर शुरू हुआ यह विवाद राजनीतिक और धार्मिक बहस का मुद्दा बन गया है। एक तरफ राष्ट्रगीत के समर्थन में आवाजें उठ रही हैं, तो दूसरी तरफ कुछ धार्मिक संगठन इसे अपनी मान्यताओं के खिलाफ बताते हुए विरोध कर रहे हैं।