India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस समय हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में चौथा टी20 मैच खेला जा रहा है। मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। हालांकि, यह फैसला टीम के हक में बिल्कुल भी नहीं गया।

उम्मीद की जा रही थी कि अय्यर की गेंदबाजी यूनिट कैरेबियन टीम को 200 के अंदर समेत देगी, लेकिन कप्तान शाई होप की तूफानी पारी ने मेहमानों को निर्धारित 20 ओवर में 247/3 तक पहुंचा दिया। अब भारत को सीजन में अजेय बढ़त बनाने के लिए 20 ओवर में 248 का लक्ष्य मिला है।

पावर प्ले में बनाए 79 रन

वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप और ज्वेल एंड्रयू की ओपनिंग जोड़ी ने टीम को 26 गेंदों पर 52 रन की शानदार शुरुआत दिलाई। हालांकि, सीरीज में पहला मैच खेल रहे ज्वेल की पारी अधिक लंबी नहीं चल सकी और वह 16 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हो गए। उनको अक्षर पटेल ने पगबाधा (LBW) किया।

इसके बाद दूसरे विकेट के लिए शिमरोन हेटमायर ने कप्तान का साथ दिया और टीम को पावर प्ले में 79/1 पर पहुंचा। हालांकि, यह जोड़ी यही नहीं रुकी, बल्कि दूसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 58 रन जोड़े। जब यह जोड़ी खतरनाक लग रही थी तभी प्रिंस यादव ने हेटमायर को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इस समय वेस्टइंडीज का स्कोर 8.2 ओवर में 110/2 रन था।

शाई-शेरफेन ने दिया पारी को फिनिशिंग टच

दो विकेट गंवाने के बाद शाई होप ने रोवमैन पॉवेल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 27 बॉल में 46 रन जोड़े। इस दौरान रोवमैन ने 17 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया, लेकिन अर्शदीप सिंह की गेंद पर आउट हो गए। इस समय वेस्टइंडीज ने 12.5 ओवर में 156/3 रन बना लिए थे।

लग रहा था कि वेस्टइंडीज की टीम 220 के अंदर रुक जाएगी, लेकिन शाई और शेरफेन रदरफोर्ड की जोड़ी ने टीम को शानदार फिनिशिंग टच दिया। इस दोनों ने मिलकर 43 गेंदों में 91 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को निर्धारित 20 ओवर में 247/3 के विशालकाय स्कोर तक पहुंचाया।

शाई की सीरीज का दूसरा शतक

वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप का बल्ला भारतीय दौरे पर खूब बरसा है। हैदराबाद के चौथे टी20 मैच में शाई ने 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 चौके और 9 छक्के मारे थे।

इससे पहले रांची मैच में भी उन्होंने नाबाद 102 रन ही बनाए थे और अपनी टीम को 250 रन का सफल रन चेज करवाया था। वहीं, चौथे मैच में शेरफेन रदरफोर्ड ने 26 बॉल में नाबाद 49 रन बनाए थे, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। अब भारत को जीत के लिए 20 ओवर में 248 रन का लक्ष्य मिला है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली के खिलाफ मोहम्मद शमी ने उगली आग, 5 विकेट लेकर मचाई खलबली