UP Election 2027: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की खतौली विधानसभा सीट का सियासी मिजाज हमेशा से दिलचस्प रहा है। यहां चुनावी नतीजे सिर्फ राजनीतिक दलों की ताकत से तय नहीं होते, बल्कि जातीय समीकरण, किसान राजनीति और गठबंधन की रणनीति भी बड़ी भूमिका निभाते हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की, लेकिन कुछ ही महीनों बाद हुए उपचुनाव में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने बाजी पलट दी। अब रालोद के एनडीए में शामिल होने के बाद खतौली का राजनीतिक समीकरण एक बार फिर बदल गया है।
इस सीट पर जाट, मुस्लिम, दलित और सैनी मतदाताओं की भूमिका अहम मानी जाती है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या बीजेपी और रालोद का नया राजनीतिक समीकरण चुनावी फायदा दिलाएगा या स्थानीय मुद्दे और उम्मीदवार की छवि एक बार फिर नतीजों को प्रभावित करेंगे?
खतौली का चुनावी इतिहास
खतौली विधानसभा सीट पर पिछले कुछ चुनावों में कई बार सत्ता का समीकरण बदला है। 2007 में बीएसपी ने जीत दर्ज की, 2012 में आरएलडी ने वापसी की, जबकि 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने लगातार जीत हासिल की। हालांकि, दिसंबर 2022 के उपचुनाव में आरएलडी के मदन भैया ने बीजेपी से यह सीट छीन ली।

वर्ष 2007 का चुनावी परिणाम
विजेता: योगराज सिंह (बीएसपी)
पराजित: राजपाल सिंह बालियान (आरएलडी)
जीत का अंतर: 16,021 वोट

वर्ष 2012 का चुनावी परिणाम
विजेता: करतार सिंह भड़ाना (आरएलडी)
पराजित: ताराचंद शास्त्री (बीएसपी)
जीत का अंतर: 5,875 वोट

वर्ष 2017 का चुनावी परिणाम
विजेता: विक्रम सिंह सैनी (बीजेपी)
पराजित: चंदन सिंह चौहान (सपा)
जीत का अंतर: 31,374 वोट

वर्ष 2022 का चुनावी परिणाम
विजेता: विक्रम सिंह सैनी (बीजेपी)
पराजित: राजपाल सिंह सैनी (आरएलडी)
जीत का अंतर: 16,345 वोट
दिसंबर 2022 उपचुनाव का परिणाम
विजेता: मदन भैया (आरएलडी)
पराजित: राजकुमारी सैनी (बीजेपी)
जीत का अंतर: 22,143 वोट

2022 का उपचुनाव खतौली की राजनीति में एक बड़ा मोड़ साबित हुआ। विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के कुछ ही महीनों बाद मतदाताओं ने उपचुनाव में अपना फैसला बदल दिया। आरएलडी की इस जीत ने पश्चिमी यूपी की राजनीति में किसान और सामाजिक समीकरणों की अहमियत को फिर से चर्चा में ला दिया।
मुस्लिम, दलित और सैनी मतदाताओं पर रहेंगी नजरें
खतौली विधानसभा सीट पर जातीय समीकरण किसी भी दल की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा हैं। यहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की बड़ी संख्या है। इसके अलावा सैनी, पाल, कश्यप और जाट समुदाय भी चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।
अनुमानित जातीय समीकरण
मुस्लिम मतदाता: करीब 80 हजार
दलित मतदाता: करीब 60 हजार
सैनी मतदाता: करीब 30 हजार
पाल मतदाता: करीब 20 हजार
कश्यप मतदाता: करीब 18 हजार
गुर्जर, जाट, प्रजापति और अन्य पिछड़े वर्ग
ठाकुर, ब्राह्मण, त्यागी और वैश्य मतदाता
हालांकि, इन समुदायों की अनुमानित संख्या को आधिकारिक जातिवार आंकड़ा नहीं माना जा सकता। चुनाव में इनका प्रभाव उम्मीदवार, गठबंधन और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर बदल सकता है।
खतौली के स्थानीय मुद्दे
खतौली की राजनीति में किसान और शहरी मतदाताओं की समस्याएं दोनों महत्वपूर्ण हैं। ग्रामीण इलाकों में गन्ने का मूल्य, चीनी मिलों पर बकाया भुगतान और आवारा पशुओं से फसलों को होने वाला नुकसान किसानों की बड़ी चिंताएं हैं। सिंचाई के लिए बिजली और नहर के पानी की उपलब्धता भी चुनावी मुद्दा बन सकती है।
वहीं, शहरी इलाकों में जलभराव, जलनिकासी और बाजारों में ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करती हैं।

जनता से जुड़े प्रमुख मुद्दे
गन्ना मूल्य और बकाया भुगतान: किसानों को समय पर भुगतान और उचित मूल्य मिलने का सवाल।
आवारा पशु और सिंचाई: फसलों को नुकसान तथा बिजली और नहर के पानी की उपलब्धता।
शहरी जलभराव: बारिश के दौरान जलनिकासी और बुनियादी सुविधाओं की समस्या।
रेलवे स्टेशन की सुविधाएं: सफाई, शौचालय, टिकट खिड़की और ट्रेनों के ठहराव की मांग।
बाजारों में जाम: शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था और ग्रामीण संपर्क सड़कों की मरम्मत।
रोजगार और पलायन: बड़े उद्योगों की कमी के कारण युवाओं के लिए स्थानीय रोजगार के सीमित अवसर।
स्थानीय बनाम बाहरी प्रतिनिधि: क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवार को प्राथमिकता देने की बहस।
कानून-व्यवस्था: महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव भी चुनावी चर्चा का हिस्सा हैं।
2027 में BJP-RLD गठबंधन कितना होगा असरदार?
खतौली में 2027 का चुनाव कई मायनों में दिलचस्प होने वाला है। 2022 के उपचुनाव में आरएलडी ने बीजेपी को हराकर अपनी ताकत दिखाई थी, लेकिन अब दोनों दल एनडीए में साथ हैं। ऐसे में पिछली चुनावी लड़ाई के पुराने समीकरणों को नए सिरे से समझना होगा।
एक तरफ बीजेपी का संगठन और सत्ता का आधार है, तो दूसरी तरफ आरएलडी की किसान राजनीति और क्षेत्रीय प्रभाव है। लेकिन गठबंधन के बावजूद उम्मीदवार का चयन, स्थानीय नाराजगी और मतदाताओं की प्राथमिकताएं नतीजों को प्रभावित कर सकती हैं।
खतौली का उपचुनाव इस बात की मिसाल रहा कि विधानसभा चुनाव के कुछ ही महीनों बाद मतदाताओं ने अपना फैसला बदल दिया था। अब देखना होगा कि 2027 में गठबंधन की ताकत भारी पड़ती है या स्थानीय मुद्दे एक बार फिर सियासी खेल पलट देते हैं।
फिलहाल खतौली के बाद अब आखिरी सीट मीरापुर की बारी है, जहां 2024 के उपचुनाव ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी समीकरणों को एक नया मोड़ दिया था।
क्या मुजफ्फरनगर सदर में कपिल देव अग्रवाल लगाएंगे हैट्रिक या बदलेगा चुनावी समीकरण?