Naseem Shah Knee Injury: इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) 2026 में डेजर्ट वाइपर्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज नसीम शाह बाएं घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
वाइपर्स ने फिलहाल उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है, लेकिन नसीम का बाहर होना डेजर्ट वाइपर्स के लिए काफी बड़ा झटका होगा, क्योंकि इस गेंदबाज का हालिया फॉर्म बेहद कमाल का रहा है। ऐसे में इस गेंदबाज की भरपाई करना टीम मैनेजमेंट के लिए काफी मुश्किल होगा।
फॉलो-थ्रू में गिरे नसीम शाह
डेजर्ट वाइपर्स के तेज गेंदबाज नसीम शाह को चोट दूसरे मुकाबले में शारजाह वॉरियर्स के खिलाफ गेंदबाजी करते वक्त लगी, जब उन्होंने पॉल वाल्टर को यॉर्कर फेंकी, लेकिन वह फॉलो-थ्रू में गिर गए। नसीम गेंद फेंकते ही बुरी तरह जमीन पर गिर गए और उन्हें तुरंत मैदान के बाहर जाना पड़ा।
इस मैच में नसीम सिर्फ 2.5 ओवर ही डाल सके, जिसमें उन्होंने 31 रन देकर 1 बल्लेबाज को अपना शिकार बनाया। अब देखना दिलचस्प होगा कि फ्रेंचाइजी नसीम के रिप्लेसमेंट के तौर पर किस गेंदबाज को शामिल करती है।
टॉम मूडी ने दी जानकारी
वाइपर्स के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी ने शनिवार को कहा, "हम टूर्नामेंट के लिए नसीम की सर्विस खोने से बहुत निराश हैं क्योंकि वह न केवल एक शानदार तेज गेंदबाज हैं, बल्कि पिच पर और पिच के बाहर हमारे लिए एक लीडर भी हैं। हम सही समय पर फैसला करेंगे कि हम रिप्लेसमेंट प्लेयर ढूंढेंगे या नहीं, लेकिन शॉर्ट टर्म में यह टीम के दूसरे खिलाड़ियों के लिए आगे आने और इस बुरी स्थिति का फायदा उठाने का मौका है।"
मूडी के इस बयान से लग रहा है कि वह फिलहाल मौजूदा स्क्वाड में शामिल तेज गेंदबाजों को मौका देना चाहते हैं और ऐसे में किसी रिप्लेसमेंट का आना फिलहाल मुश्किल है।
ये भी पढ़ें- IPL 2027 के लिए KKR ने चुना कप्तान, ये खिलाड़ी करेगा रहाणे को रिप्लेस
अंक तालिका में 5वें वाइपर्स
वाइपर्स टीम में दूसरे तेज़ गेंदबाज अब्दुल्ला अहमदजई, इश्तियाक अहमद, खुजैमा तनवीर, मोहम्मद सलीम, संजय पहल, कप्तान डेविड पेन और ऑलराउंडर टॉम करन हैं। अहमदजई और इश्तियाक को इस टूर्नामेंट में अभी तक कोई मैच नहीं मिला है।
ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनपर विचार कर सकती है। वहीं, आईएलटी20 लीग की अंक तालिका की बात करें तो वाइपर्स 4 मैच खेल चुकी है, जिसमें सिर्फ एक जीत मिली है, और तीन मैच वह गंवा चुकी है। वह अंक तालिका में फिलहाल पांचवें स्थान पर मौजूद है।
ये भी पढ़ें- सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलेंगे श्रेयस अय्यर, बोर्ड ने किया स्क्वाड का ऐलान, शिवम-शार्दुल भी शामिल