Asian games 2026: भारतीय टीम के रहस्यमयी गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती अफगानिस्तान टी20 सीरीज के बाद एशियन गेम्स 2026 से भी बाहर हो चुके हैं। पहले टी20 में वरुण ने चार ओवर डाले थे, लेकिन मैच समाप्त होने के बाद खबरें आईं कि 'साइड स्ट्रेन' (पसलियों की मांसपेशियों में खिंचाव) की वजह से उनको न सिर्फ सीरीज बीच में छोड़नी पड़ी, बल्कि अब एशियन गेम्स 2026 से भी वह बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह चयनकर्ताओं ने युवा लेग स्पिन ऑलराउंडर विपराज निगम को स्क्वाड में शामिल किया है।
बीसीसीआई ने दी जानकारी
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में वरुण ने स्पेल के पूरे 4 ओवर डाले थे, जिसमें 16 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया था। मैच में गेंदबाजी के समय वरुण थोड़ी तकलीफ में दिखाई दे रहे थे लेकिन मैच के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनके बाहर होने की जानकारी दी। बीसीसीआई ने बताया,
‘पहले टी20 में अपना तीसरा ओवर फेंकते समय वरुण को पेट के बाएं हिस्से में अचानक तकलीफ हुई। स्कैन में साइड स्ट्रेन का पता चला और इके बाद उन्हें बाकी दो टी20 मैचों से बाहर कर दिया गया।’
हालांकि, इस समय तक बीसीसीआई ने यह नहीं बताया था कि वरुण एशियन गेम्स से भी बाहर हो सकते हैं।
विपराज को मिला मौका
वरुण के रिप्लेमेंट के तौर पर चयनकर्ताओं ने 22 साल के विपराज निगम पर दांव लगाया है। विपराज उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपना जलवा बिखेरते नजर आए थे।
आईपीएल 2026 में निगम दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे, जहां अपनी लेग स्पिन से उन्होंने डीसी को उपयोगी सफलताएं दिलाईं तो निचले क्रम में आकर कई उपयोगी पारियां खेलीं। इस प्रदर्शन को देखते हुए चयन समिति ने एशियाई खेलों के लिए विपराज के साथ जाने का फैसला किया है।
157 के स्ट्राइक रेट से बनाते हैं रन
विपराज निगम की खासियत उनकी लेग स्पिन और निचले क्रम में आकर बड़ी पारियां खेलने की हैं। इस युवा हरफनमौला खिलाड़ी ने 32 टी20 पारियों में 34 विकेट झटके हैं, जिसमें उनको सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20 रन देकर 3 विकेट है।
बल्लेबाजी में उन्होंने 33 मैच की 19 पारियों में 157.41 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 244 रन कूटे हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 39 रन रहा है। टी20 में विपराज 26 चौके और 11 छक्के मार चुके हैं और उनकी इसी काबिलियत को देखते हुए चयनकर्ताओं ने एशियन गेम्स 2026 के दल में शामिल किया है।
ये भी पढ़ें- ईशान पहले, अभिषेक दूसरे, आईसीसी ने जारी की ताजा रैंकिंग, संजू को हुआ फायदा, वरुण भी टॉप-5 में