ICC Latest Ranking: अफगानिस्तान के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी कमाल का रहा है। बैटिंग और बॉलिंग में भारतीय खिलाड़ी जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं और इसका लाभ उन्हें आईसीसी रैंकिंग में मिला है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने नवीनतम खिलाड़़ियों की रैंकिंग को जारी कर दिया है, जिसमें अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती ने शानदार रैंक हासिल किया है। वहीं, बुमराह, अर्शदीप, अक्षर और संजू की ताजा रैंकिंग में भी शानदार उछाल आया है।
अभिषेक दूसरे, ईशान पहले पर
अभिषेक शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के शुरुआती दो मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। पहले मैच में उनकी विस्फोटक 82 रनों की पारी ने उन्हें ताजा आईसीसी टी20आई बल्लेबाज रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंचने में मदद की है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ दिया है और अब वह अपने साथी खिलाड़ी ईशान किशन से पीछे हैं, जो शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।
संजू-वरुण को हुआ फायदा
दोनों भारतीय बल्लेबाजों के रेटिंग पॉइंट्स में 51 अंकों का अंतर है। संजू सैमसन ने भी शानदार उछाल लगाई है और दूसरे टी20 मैच में अर्धशतक बनाने के बाद चार पायदान ऊपर चढ़कर 30वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारत के गेंदबाजों को भी काफी फायदा हुआ है। वरुण चक्रवर्ती दो पायदान ऊपर चढ़कर पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि बुमराह सात पायदान ऊपर चढ़कर शीर्ष 10 में 10वें स्थान पर आ गए हैं।
अर्शदीप-उमरजई को भी हुआ फायदा
आईसीसी द्वारा जारी की गई ताजा टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में अर्शदीप सिंह ने 11 स्थानों की लंबी छलांग लगाई है और 14वां स्थान हासिल किया है, जबकि अक्षर पटेल छह स्थानों की छलांग लगाकर 27वें स्थान पर पहुंच गए हैं। अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजाई ने भी सीरीज के पहले मैच में नाबाद अर्धशतक बनाकर टी20 इंटरनेशनल ऑलराउंडर रैंकिंग में प्रगति की है।
नाथन और रेनशॉ की वनडे रैंकिंग में बढ़त
हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मैच में 59 रनों की जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने वनडे रैंकिंग में बेहतरीन प्रगति की है। तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने इस मैच में पांच विकेट लेकर वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में 20 स्थान ऊपर चढ़कर 20वां स्थान हासिल किया है।
मैथ्यू रेनशॉ ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 109 रनों की शानदार पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया था। इसके बाद वह 68वें स्थान पर पहुंच गए हैं। युवा खिलाड़ी कूपर कॉनॉली भी जिम्बाब्वे के खिलाफ नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाने के बाद नौ पायदान ऊपर चढ़कर 77 वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
ये भी पढ़ें- तूफानी शतक जड़ बल्लेबाज ने ठोका टीम में शामिल होने का दावा, जताई वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलने की इच्छा