Arshdeep Singh: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी20 मैच की सीरीज अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। अब तक दोनों ही टीमों ने 2-2 मैच जीते हैं और शनिवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सीरीज डिसाइडर मैच खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमें हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में आमने-सामने आई थीं, जहां टीम इंडिया को 24 रन की हार मिली थी।

लेकिन इसी मैच में भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी चोटिल हो गए थे और उनको रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। अब प्रशंसकों के मन में सवाल ये है कि क्या वह आखिरी टी20 मैच में खेल पाएंगे या फिर नहीं।

अर्शदीप की चोट पर संजू ने दिया बयान

टीम इंडिया के लिए टी20आई में सर्वाधिक विकेट लेने वाला अर्शदीप सिंह का बेंगलुरू टी20 मैच खेलना मुश्किल लग रहा है। अर्शदीप बल्लेबाजी के दौरान शमर जोसेफ की रफ्तार भरी गेंद से चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनको रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा।

अभी तक उनकी चोट को लेकर बीसीसीआई की ओर से कोई अपडेट सामने नहीं आया है। हालांकि, मैच समाप्त होने के बाद संजू सैमसन ने अर्शदीप सिंह की चोट पर अपटेड देते हुए कहा था कि उनके कंधे पर बर्फ लगाई जा रही है और वह जल्दी स्वस्थ हो जाएंगे। 

गेंदबाजी आर्म पर लगी थी गेंद

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में अर्शदीप सिंह 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे और 4 गेंदों पर 5 रन बनाए थे। इस मैच का आखिरी ओवर शमर जोसेफ ने डाला था और इसकी पहली ही गेंद पर अर्शदीप सिंह ने दनदनाता हुआ चौका जड़ दिया था।

इसी ओवर की तीसरी गेंद शमर जोसेफ ने बाउंसर मारी थी और गेंद उनके गेंदबाजी करने वाले हाथ के कंधें पर जा लगी थी। गेंद लगने के बाद वह दर्द से कराह उठे थे और बाद में फिजियो को बुलाया गया। हालांकि, इसके बाद अर्शदीप सिंह ने सिर्फ एक गेंद का सामना किया, लेकिन दर्द असहनीय होने के कारण उनको बाहर जाना पड़ा।

अर्शदीप की जगह किसको मिलेगा मौका?

अगर अर्शदीप सिंह बेंगलुरू टी20आई से बाहर होते हैं तो यह टीम इंडिया के लिए काफी बड़ा झटका हो सकता है, क्योंकि इस पूरे स्क्वाड में अर्शदीप एकमात्र अनुभवी तेज गेंदबाज हैं।

अगर इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह चयन के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं उनकी जगह रवि बिश्नोई या फिर शिवम दुबे को मौका मिल सकता है। हालांकि, विकल्प के तौर पर कुलदीप यादव भी दौड़ में शामिल हैं, लेकिन जहां तक उम्मीद है टीम मैनेजमेंट बिश्नोई और दुबे में से किसी एक का चयन कर सकता है।

ये भी पढ़ें- दूसरे टेस्ट के लिए बोर्ड ने किया स्क्वाड का ऐलान, 26 साल के बल्लेबाज को किया बाहर