Team India Announced for ODI and T20 Series: वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैच की वनडे सीरीज और पांच टी20 मैच के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्क्वाड का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।

वनडे में टीम की अगुवाई युवा कप्तान शुभमन गिल करेंगे तो टी20 प्रारूप में श्रेयस अय्यर को कप्तान नियुक्त किया गया है। वनडे टीम में ऋतुराज गायकवाड़ को भी मौका दिया गया तो पहली बार नमनधीर को भारतीय टीम में चुना गया है। नमनधीर का हालिया प्रदर्शन बेहद कमाल का रहा था। उन्होंने शेर-ए-पंजाब लीग 2026 में कई विस्फोटक पारियां खेली थीं।

वनडे में दिखेंगे नए चेहरे

बुधवार को वनडे स्क्वाड घोषित किया गया, जिसमें तीन नए चेहरों को मौका मिला है। नमनधीर और आकिब नबी को पहली बार भारतीय वनडे स्क्वाड में खेलने का मौका मिला है। आकिब नबी पर चयनकर्ता टेस्ट के बाद अब वनडे में भरोसा जता रहे हैं तो पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले नमनधीर को पहली बार टीम इंडिया से बुलावा भेजा गया है।

वहीं, ईशान किशन की गैरमौजूदगी में बैकअप विकेटकीपर के तौर पर ध्रुव जुरेल को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है। वनडे टीम के लिए जुरेल और पंत के बीच कांटे की टक्कर थी लेकिन चयनकर्ताओं ने अंत में युवा जुरेल के साथ जाने का फैसला किया। वनडे क्रिकेट से जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है।

रोहित-विराट की हुई एंट्री

इंग्लैंड दौरे पर रोहित शर्मा और विराट कोहली ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था। हालांकि, इंग्लैंड वनडे के आखिरी वनडे से पहले खबरें आ रही थीं कि यह रोहित के वनडे करियर का आखिरी मैच हो सकता है, जिसमें उन्होंने शानदार सैकड़ा ठोका था। इसके बाद बीसीसीआई सचिव ने सामने आकर उन खबरों का खारिज किया था।

अब वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए रोहित को भी शामिल किया गया है तो शुभमन गिल के साथ ओपनिंग करते दिखेंगे। वहीं, शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली भी नंबर तीन की भूमिका में दिखाई देंगे, जिनका लक्ष्य वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक टीम इंडिया में बने रहने का है।

टी20 स्क्वाड ही हुई घोषणा

बीसीसीआई ने वनडे के अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली पांच टी20 मैचों के लिए भी स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है तो तिलक वर्मा को उप कप्तान नियुक्त किया गया है। टी20 टीम में प्रिंस यादव की वापसी हुई है तो मयंक यादव पर भी चयनकर्ताओं ने भरोसा जताया है।

वहीं, वरुण चक्रवर्ती इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे, जो अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में चोटिल हो गए थे। कुलदीप यादव को वनडे और टी20 दोनों दल में जगह मिली है।

भारत का वनडे स्क्वाड

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप कप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जयसवाल, नमन धीर।

भारत की टी20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव।

वेस्टइंडीज का भारत दौरा (सितंबर-अक्टूबर 2026)

  • पहला वनडे: 27 सितंबर 2026 (तिरुवनंतपुरम)
  • दूसरा वनडे: 30 सितंबर 2026 (गुवाहाटी)
  • तीसरा वनडे: 3 अक्टूबर 2026 (न्यू चंडीगढ़)
  • पहला टी20: 6 अक्टूबर 2026 (लखनऊ)
  • दूसरा टी20: 9 अक्टूबर 2026 (रांची)
  • तीसरा टी20: 11 अक्टूबर 2026 (इंदौर)
  • चौथा टी20: 14 अक्टूबर 2026 (हैदराबाद)
  • पांचवां टी20: 17 अक्टूबर 2026 (बेंगलुरु)

ये भी पढ़ें- 1 साल में भारत की वजह से 2 बार शर्मसार हुए मोहसिन नकवी, विश्व पटल पर कटवाई नाक, फिर भी नहीं आई समझ