Mohsin Naqvi Embarrassment: भारत के कारण पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी को एक साल में दूसरी बार विश्व पटल पर शर्मसार होना पड़ा है। वर्तमान में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) का पदभार संभाल रहे मोहसिन नकवी की क्रिकेट जगत में फजीहत हो रही है और इसके पीछे की वजह भारतीय क्रिकेट पुरुष और महिला टीम हैं, जिन्होंने उनके हाथों से एशिया का चैंपियन बनने के बावजूद ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद नकवी ट्रॉफी लेकर अपने साथ फरार हो गए। पिछले डेढ़ साल से पुरुष एशिया कप 2025 की ट्रॉफी वह दबाएं बैठे हैं तो इसमें भारतीय महिला टीम की ट्रॉफी भी शामिल हो चुकी है।
2025 में नहीं दी थी पुरुष टीम की ट्रॉफी
पाकिस्तान के वर्तमान गृहमंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने 3 अप्रैल 2025 को एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन का कार्यभार संभाला था। उन्होंने श्रीलंका के शम्मी सिल्वा को रिप्लेस किया था।
नकवी की अध्यक्षता में 9 से 28 सितंबर 2025 को पहली बार एशिया कप 2025 का आयोजन किया गया था, जो भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने जीता। लेकिन, उस समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नकवी हाथ से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था तो नकवी बिना ट्रॉफी सौंपे अपने साथ लेकर चले गए थे। इस शर्मनाक हरकत के बाद क्रिकेट जगत में नकवी को काफी शर्मिंदा होना पड़ा था।
अब भारतीय महिला टीम के साथ की हरकत
ट्रॉफी नहीं सौंपने की बात आईसीसी तक गई थी लेकिन डेढ़ साल बाद भी टीम इंडिया को उनकी पुरुष एशिया कप 2025 की ट्रॉफी नहीं मिली। अब वहीं हाल मोहसिन नकवी भारतीय महिला टीम के साथ कर रहे हैं, जिन्होंने महिला एशिया कप 2026 में श्रीलंका को हराकर खिताब पर कब्जा किया था।
फाइनल से पहले ही नकवी को बता दिया गया था कि अगर टीम इंडिया विजेता बनती है तो उनके हाथ से ट्रॉफी नहीं ली जाएगी, लेकिन इसके बावजूद नकवी ने महिला एशिया कप 2026 की चैंपियन बनी भारतीय टीम को उनकी ट्रॉफी नहीं दी।
हालांकि, जब तक नकवी का एसीसी चेयरमैन का कार्यकाल समाप्त नहीं हो जाता है, तब तक भारत को उनकी ट्रॉफी मिलने की उम्मीद भी न के बराबर हैं।
कब होगी नकवी की विदाई?
मोहसिन नकवी जब से एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष बने हैं, तब से भारत के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं। ऐसे में उनका कार्यकाल आगे बढ़ने का सवाल ही नहीं बनता है।
नकवी आधिकारिक तौर पर अप्रैल 2027 एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन बने रहेंगे, लेकिन इसके बाद उनको यह कुर्सी छोड़नी पड़ेगी और आगे उनका दोबारा अध्यक्ष बनना फिलहाल मुश्किल है।
ऐसे में यह माना जा सकता है कि भारत को महिला और पुरुष एशिया कप की ट्रॉफियां अप्रैल 2027 के बाद ही मिलेंगी।
क्यों नहीं ली नकवी के हाथ से ट्रॉफी?
भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तानी मोहसिन नकवी के हाथों से इसलिए ट्रॉफी को स्वीकार नहीं किया था, क्योंकि 22 अप्रैल 2025 को दोपहर में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में आंतकवादियों ने पहचान और धर्म पूछकर 26 लोगों को मार दिया था।
इनमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक था। भारत सरकार ने इसके जवाब में 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया और पाकिस्तान की सह में बैठे आतंकियों को मार गिराया। भारत ने पाकिस्तान की सीमा में जाकर वहां बैठे आतंकियों को मौत के घाट उतारा था।
वहीं, पाकिस्तान में आतंकियों के मारे जाने पर वहां के आला अधिकारियों ने शोक जताया था, जो दर्शाता है कि पाकिस्तान के मंत्री, अधिकारी और प्रमुख पदों पर बैठे लोग आतंकियों के समर्थक हैं।