Varun Chakaravarthy: भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज में भारतीय टीम को काफी बड़ा झटका लगा है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले पहले टी20 मैच में भारतीय टीम के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोटिल हो गए थे।

रविवार को खेले पहले मैच में वरुण ने अपने स्पेल के पूरे 4 ओवर डाले थे, जिसमें उन्होंने 16 रन देकर एक सफलता प्राप्त की थी। लेकिन, वह बाकी बचे शेष दो मैचों से बाहर हो गए हैं। अभी तक उनके बाहर होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

फिर चोटिल हुए वरुण

भारतीय रहस्यमयी स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती चोट से उबरकर टीम इंडिया में वापसी कर रहे थे लेकिन एक मैच बाद ही वह दोबारा चोटिल हो गए। बीसीसीआई के एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, "जी हां, वरुण बाहर हो गए हैं। वह सीरीज से बाहर हैं। उन्हें हाल ही में चोट लगी है।"

बता दें कि, वरुण हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरे थे, जिसके कारण उन्होंने जुलाई में इंग्लैंड में खेली गई व्हाइट बॉल सीरीज में भी हिस्सा नहीं लिया था।

हालांकि, अफगानिस्तान से पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने वरुण को फिट करार दिया था और यही कारण था कि उनको अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी20 मैच खेलने का मौका मिला। इस मैच में वरुण ने 4 ओवर में 16 रन देकर एक विकेट लिया था।

CoE की फिटनेस क्लीयरेंस पर उठे सवाल

चोटिल खिलाड़ियों को फिटनेस क्लीयरेंस देने वाली बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पर अब सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, यह दूसरा मामला है जब फिटनेस पास होने के बाद खिलाड़ी चोटिल हो गया है। इससे पहले हर्षित राणा के साथ भी इस तरह की लापरवाही देखने को मिल चुकी है।

दरअसल, हर्षित टी20 विश्व कप के वार्म-अप मैच में चोटिल हो गए थे, जिसके कारण वह लंबे समय तक टीम इंडिया से बाहर रहे थे।

हालांकि, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद चयन समिति ने हर्षित को इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चुना, लेकिन तीसरे टी20 मैच में उनकी हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई। यानी कुछ मैच खेलने के बाद ही खिलाड़ी दोबारा चोटिल हो जा रहे हैं।

BCCI vs CoE के बीच संवाद की कमी?

मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की हालिया चोट से एक बार फिर बता दिया है कि चयनकर्ताओं और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बीच तालमेल की काफी कमी है। अफगानिस्तान टी20 सीरीज शुरू होने से पहले भी संवाद की कमी देखने को मिली थी जब चयनकर्ताओं ने जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती जैसे चोटिल खिलाड़ियों का चयन किया था।

हालांकि, बुमराह, रेड्डी और सुंदर के साथ फिलहाल की चोट की खबरें नहीं आई हैं लेकिन वरुण पूरी श्रृंखला से बाहर हो चुके हैं।

इससे पहले श्रीलंका दौरे पर भी चयनकर्ताओं ने चोटिल जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन का चयन कर लिया था लेकिन बाद में बुमराह की जगह आकिब नबी और सुदर्शन  के स्थान पर सरफराज खान से रिप्लेस करना पड़ा।

हालांकि, चयन समिति और CoE के बीच तालमेल की कमी का हमेशा से खंडन किया जाता रहा है लेकिन मौजूदा आंकड़े इसकी गवाही साफ दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें- भारत-पाकिस्तान का मैच हुआ फिक्स! अगले महीने होगी भिड़ंत