India vs Pakistan: महिला एशिया कप 2026 की समाप्ति के बाद अब इस खेल में भारत-पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने आने वाली हैं। अगले महीने होने वाली पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा, जो इस खेल के मजे को दोगुना कर देगा।

इस प्रतियोगिता में कुल छह टीमें भाग लेंगी तो टूर्नामेंट का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच पंजाब में किया जाएगा। इसकी पुष्टि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की।

6 टीमें लेंगी हिस्सा

पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में भारत समेत कुछ छह टीमें हिस्सा लेने वाली हैं। ये टीमें भारत, पाकिस्तान, चीन, जापान, मलेशिया और साउथ कोरिया है। टूर्नामेंट के मैच पंजाब के जालंधर और मोहाली हॉकी स्टेडियमों में खेले जाएंगे।

पाकिस्तान की भागीदारी और इसके लिए आवश्यक मंजूरी मिलने के बारे में जब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में कोई समस्या नहीं है। हो सकता है कि व्यक्तिगत श्रृंखलाएं (भारत और पाकिस्तान के बीच) न हो सकें।"

ओमान-बांग्लादेश बैकअप टीमें 

ओमान और बांग्लादेश को बैकअप टीमों के रूप में रखा गया है, ताकि अगर भाग लेने वाले छह देशों में से कोई भी देश टूर्नामेंट से हट जाए तो उनकी जगह ली जा सके।

पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी का आयोजन हर साल एशियाई हॉकी महासंघ द्वारा किया जाता है, हालांकि पिछले साल यह टूर्नामेंट आयोजित नहीं हुआ था। भारत मौजूदा चैंपियन है।

उन्होंने 2023 में चेन्नई में और फिर 2024 में चीन के हुलुनबुइर में ट्रॉफी जीती थी। अब उनका लक्ष्य अपने घरेलू प्रशंसकों के सामने खिताब पर कब्जा करने का होगा।

पिछली बार पाकिस्तान ने लिया था नाम वापस

मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान और भारत के बीच में तनाव काफी बढ़ गया था। इस स्थिति में पाकिस्तान ने पिछले साल तमिलनाडु में आयोजित हुए जूनियर वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया था।

शायद यही वजह रही होगी कि मौजूदा टूर्नामेंट में ओमान और बांग्लादेश को बैकअप के तौर पर तैयार रहने को कहा गया है। वहीं, सीएम भगवंत मान ने बताया कि एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लीग मैच जालंधर में होंगे।

सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली के हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। आपको बता दें कि, अभी तक इस टूर्नामेंट का शेड्यूल सामने नहीं आया है लेकिन इसकी घोषणा जल्द की जा सकती है।

ये भी पढ़ें- इस दिन हो जाएगी मोहसिन नकवी की विदाई, दोबारा ACC चेयरमैन बनना मुश्किल, ये दिग्गज कर सकता है रिप्लेस