Varun Chakaravarthy: आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया ने तैयारियां शुरू कर दी हैं लेकिन टूर्नामेंट से पहले टीम को काफी बड़ा झटका लगा है।
टीम के स्टार मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती दोबारा चोटिल हो गए हैं, जिसकी वजह से उनको अफगानिस्तान टी20 सीरीज में बाकी बचे दो मैचों से बाहर होना पड़ा है। वरुण को टीम इंडिया में वापसी के लिए 2 महीने का समय लगा था लेकिन 4 ओवर डालने के बाद ही वह चोटिल होकर बाहर हो गए।
वहीं, वरुण का एशियन गेम्स 2026 तक फिलहाल फिट होना मुश्किल है। ऐसे में चलिए आपको बताते हैं कि कौन से तीन स्पिनर उनको आगामी प्रतियोगिता में रिप्लेस कर सकते हैं।
मानव सुथार बन सकते हैं पहली पसंद
भारतीय टीम के युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार चयनकर्ताओं की पहली पसंद बन सकते हैं। मानव ने भारत के लिए लाल गेंद के खेल में शानदार प्रदर्शन किया है और उसी को ध्यान में रखते हुए चयन समिति अब इस युवा को फटाफट क्रिकेट में भी आजमा सकती है।
सुथार के पास 25 टी20 खेलने का अनुभव है, जिसमें उन्होंने 25 विकेट झटके हैं लेकिन उनका इकॉनमी रेट मात्र 7.33 का है, जो उनको खास बनाता है। सुथार गेंदबाजी के अलावा बल्लेबाजी में भी बहुमूल्य योगदान दे सकते हैं।
क्रुणाल पंड्या को मिल सकता है मौका
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या को भारतीय टीम में स्थान नहीं मिला था। उम्मीद की जा रही थी कि चयनकर्ता उनकी लंबे वक्त बाद टीम इंडिया में वापसी करवा सकते हैं लेकिन ऐसा संभव न हो सका।
लेकिन, अगर एशियन गेम्स 2026 वरुण च्रकवर्ती बाहर हो जाते हैं तो फिर पंड्या का नाम उनकी रिप्लेसमेंट लिस्ट में शामिल हो सकता है।
इस खब्बू ऑलराउंडर के पास 244 टी20 मैच खेलने का अनुभव है, जिसमें 179 विकेट और 3243 रन बनाए हैं। वहीं, आईपीएल 2026 में आरसीबी के लिए क्रुणाल ने 9 पारियों में 226 रन बनाए थे तो गेंद से 15 पारियों में 14 विकेट झटके।
कुलदीप यादव की हो सकती है वापसी
चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव का चयन एशियन गेम्स 2026 के लिए नहीं किया गया था लेकिन वरुण चक्रवर्ती के बाहर होने के बाद उनकी वापसी के दरवाजे खुल सकते हैं। कुलदीप ने भारत के लिए आखिरी टी20 मैच 15 फरवरी 2026 को पाकिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसके बाद उनको दोबारा फटाफट प्रारूप खेलने का मौका नहीं मिला।
लेकिन, वरुण अगर बाहर होते हैं तो चयनकर्ता कुलदीप के नाम पर भी विचार कर सकते हैं, जिसके पास भारत के लिए 54 टी20 इंटरनेशनल खेलने का अनुभव है। इस दौरान कुलदीप ने 52 पारियों में 95 विकेट ले चुके हैं और विकेटों का शतक पूरा करने से सिर्फ 5 शिकार दूर हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि यह फिरकी गेंदबाज एशियन गेम्स 2026 के लिए चयनकर्ताओं की पहली पसंद बन पाता है या फिर नहीं।
ये भी पढ़ें- अफगानिस्तान टी20 सीरीज से बाहर हुए वरुण चक्रवर्ती, CoE की फिटनेस क्लीयरेंस पर उठे सवाल