Kranti Gaud: महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंकाई टीम को 72 रन से हराकर खिताब जीता था। यह मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था जहां भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था।
हालांकि, टीम इंडिया को अभी तक ट्रॉफी नहीं मिली है। फाइनल में 1 विकेट लेने वाली भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। यह सजा उन्हें श्रीलंकाई बल्लेबाज इमेशा दुलानी को मैदान से बाहर जाने के इशारे पर सुनाई है।
पहले ओवर में दिखाया था बाहर का रास्ता
भारतीय पारी का पहला ओवर डालने आई क्रांति गौड़ ने श्रीलंका की पारी के पहले ओवर में सलामी बल्लेबाज इमेशा दुलानी को आउट किया था और बाद में उनको पवेलियन की ओर जाने का इशारा किया।
गौड को आईसीसी के खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायक कर्मियों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया था।
यह आचार संहिता किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में बल्लेबाज के आउट होने पर ऐसी भाषा, कार्यों या इशारों का उपयोग करने से संबंधित है जो अपमानजनक हों, या जो बल्लेबाज से आक्रामक प्रतिक्रिया को उकसा सकते हों।"
10 प्रतिशत कटी मैच फीस
मैदानी अंपायर सलीमा इम्तियाज और शथिरा जाकिर जेसी, तीसरे अंपायर रोकेया सुल्ताना और चौथे अंपायर हुमैरा फराह ने आरोप लगाया। इसके बाद एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की सुप्रिया रानी दास ने गौड़ पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है।
हालांकि, गौड़ ने अपनी गलती को स्वीकार किया और प्रस्तावित दंड पर भी हामी भरी। इसके बाद औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। आपको बताते दें कि, मैच फीस के अलावा गौड़ पर अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक अवगुण अंक (डिमेरिट पॉइंट) जोड़ा गया है। यह 24 महीने की अवधि में पहला अपराध था।
पाकिस्तानी टीम पर भी ठोका जुर्माना
क्रांति गौड़ के अलावा पाकिस्तान पर भी आईसीसी ने जुर्माना लगाया है। शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान ने धीमी ओवर-गति से गेंदबाजी की थी, जिसके बाद उनपर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। पाकिस्तान ने निर्धारित समयसीमा लक्ष्य से एक ओवर कम डाला था।
इसके बाद आईसीसी ने खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायक कर्मियों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है, प्रत्येक ओवर के लिए जो उनकी टीम निर्धारित समय में गेंदबाजी करने में विफल रहती है। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने अपराध स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा को मान लिया।
ये भी पढ़ें- अफगानिस्तान टी20 सीरीज से बाहर हुए वरुण चक्रवर्ती, CoE की फिटनेस क्लीयरेंस पर उठे सवाल