David Warner In Nepal Premier League: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर अब नेपाल की टी20 लीग में जलवा बिखेरते नजर आएंगे। आगामी सीजन के लिए वॉर्नर को काठमांडू गोरखास ने साइन किया है।
इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद से वॉर्नर दुनियाभर की लीग्स में हिस्सा ले रहे हैं । आखिरी बार वह पाकिस्तान सुपर लीग में खेलते दिखे थे, जहां पर उन्होंने कई आकर्षक पारियां खेली थीं। अब वॉर्नर अपने उसी फॉर्म को नेपाल प्रीमियर लीग में भी जारी रखना चाहेंगे।
वॉर्नर ने फैंस को दिया खास संदेश
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ओपनर को टीम में शामिल करने का ऐलान काठमांडू गोरखास ने मंगलवार को किया। उन्होंने एक वीडियो शेयर करके कंगारू बल्लेबाज के शामिल होने की जानकारी फ्रेंचाइजी प्रशंसकों के साथ साझा की। वीडियो में वॉर्नर ने कहा,
''सभी को नमस्कार, मैं काठमांडू गोरखा टीम में शामिल होने पर काफी खुश हूं। मुझे मालूम है कि कुछ लोगों के लिए यह समय काफी मुश्किल रहा है, और मुझे उम्मीद है कि नेपाल प्रीमियर लीग कुछ खुशी वापस ला सकता है और लोगों को एक साथ आने का मौका दे सकता है, मैंने यहां के जुनून और प्रशंसकों के बारे में बहुत कुछ सुना है। मैं इन सब का अनुभव करने के लिए बेताब हूं। मैं आप सभी से मिलने और मैदान पर अपनी टीम के साथ खेलने के लिए बहुत उत्सुक हूं।”
12th Warriors, you manifested this!
— Kathmandu Gorkhas (@ktm_gorkhas) September 15, 2026
Two-time ICC Men’s Cricket World Cup champion.
T20 World Cup champion and Player of the Tournament.
World Test Championship winner.
Triple centurion.
And the only player to win three IPL Orange Caps.
🔥
One of world cricket’s most… pic.twitter.com/zxTMyD2On2
काठमांडू गोरखास ने जताई खुशी
डेविड वॉर्नर को टीम में शामिल करने पर काठमांडू गोरखास के कार्यकारी निदेश अनुभव स्वर सिरोहिया ने भी खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि वॉर्नर से हमारी बातचीत काफी लंबे समय से चल रही थी। वॉर्नर जैसे विश्व चैंपियन खिलाड़ी को नेपाल लाना यहां के युवाओं को काफी प्रेरित करेगा।
उनके आने से नेपाल क्रिकेट में विकास होगा। साथ ही फैंस भी उनको देखने के लिए काफी उत्साहित हैं। आपको बताते दें कि, वॉर्नर से पहले भारतीय टीम से पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन भी इस लीग का हिस्सा बन चुके हैं।
शानदार रहा है वॉर्नर का इंटरनेशनल करियर
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का इंटरनेशनल करियर बेहद कमाल का रहा है। उन्होंने अपने देश के लिए खेले 112 टेस्ट की 205 पारियों में 44.59 की औसत से 8786 रन बनाए हैं, जिसमें 26 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 161 वनडे की 159 पारियों में वॉर्नर के बल्ले से 45.30 की औसत से 6932 रन निकले हैं।
इस दौरान वॉर्नर ने 22 शतक और 33 अर्धशतक ठोके हैं। टी20 इंटरनेशनल में भी वॉर्नर के आंकड़े कमाल के रहे हैं। 110 मैचों में इस धाकड़ बल्लेबाज ने 33.43 की औसत और 142.47 के स्ट्राइक रेट से 3277 रन बनाए हैं।
इस दौरान वॉर्नर ने 1 शतक और 28 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। इसके अलावा वॉर्नर BBL, PSL, IPL, MLC, ILT20, BPL, CPL, CLT20, The Hundred, Vitality Blast लीग्स में भी खेल चुके हैं। वॉर्नर के पास 439 टी20 मैच खेलने का अनुभव है।
ये भी पढ़ें- दूसरे पर विराट, पांचवें पर संगकारा, इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवार्ड जीतने वाले 5 खिलाड़ी