Brendan Taylor: ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच इस समय हरारे तीन मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में जिम्बाब्वे के दिग्गज खिलाड़ी ने मैदान पर उतरते ही सचिन तेंदुलकर के सबसे लंबे समय तक वनडे क्रिकेट खेलने के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।

मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेलर ने जैसे ही मैदान पर कदम रखा तो उनका वनडे करियर 22 साल और 146 दिन का हो गया है, जिससे वह तेंदुलकर से आगे निकल गए हैं। भारत के पूर्व कप्तान ने 22 साल और 91 दिन तक टीम इंडिया के लिए वनडे क्रिकेट खेला था। आपको बता दें कि, सचिन ने भारत 2012 में वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

2004 में शुरू किया था वनडे करियर

जिम्बाब्वे के अनुभवी दिग्गज बल्लेबाज ब्रैंडन टेलर ने साल 2004 में अपना वनडे करियर शुरू किया था, जो साल 2026 में भी जारी है। टेलर 22 साल और 146 दिन के लंबे वनडे करियर वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं और उन्होंने भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया।

सचिन ने भारत के लिए 1989 से 2012 के बीच 22 साल और 91 दिन तक वनडे क्रिकेट खेला था। हालांकि, तेंदुलकर के नाम वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अभी भी कायम है। सचिन ने 463 एकदिवसीय मैचों में 48,426 रन बनाए हैं और उनका यह रिकॉर्ड टूटना फिलहाल मुश्किल लग रहा है।

2021 में ले लिया था संन्यास

40 वर्षीय ब्रेंडन टेलर ने 2004 में वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया और जिम्बाब्वे के अग्रणी बल्लेबाजों में से एक बन गए। मंगलवार के मैच से पहले, उन्होंने 207 मैचों में राष्ट्रीय रिकॉर्ड 11 वनडे शतक बनाए थे।

टेलर ने 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन 2022 में आईसीसी के भ्रष्टाचार विरोधी और डोपिंग विरोधी नियमों का उल्लंघन करने के लिए उन पर साढ़े तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था।

अपना निलंबन पूरा करने के बाद, वह 2025 में संन्यास से वापस लौटे जब जिम्बाब्वे ने दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ 2027 वनडे विश्व कप की सह-मेजबानी की तैयारी शुरू की।

इन खिलाड़ियों ने भी खेला है लंबा वनडे

ब्रेंडन टेलर अब सबसे लंबे समय तक वनडे क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं तो सचिन तेंदुलकर दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। इनके अलावा नंबर तीन पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान सनथ जयसूर्या मौजूद हैं, जिन्होंने अपने देश के लिए 21 साल और 184 दिन तक क्रिकेट खेला था। वहीं, चौथे पायदान पर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद हैं।

मियांदाद ने 1975 से 1996 तक पाकिस्तान के लिए 20 साल और 272 दिन तक वनडे क्रिकेट खेला। वहीं, इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर जिम्माब्वे के सीन विलियम्स मौजूद हैं। उन्होंने अपने देश के लिए 2005 से 2025 के बीच 20 साल और 187 दिन कर एकदिवसीय क्रिकेट खेला था।

ये भी पढ़ें- नेपाल प्रीमियर लीग में खेलते दिखेंगे डेविड वॉर्नर, इस टीम के लिए करेंगे चौके-छक्कों की बारिश