Devajit Saikia on IPL Teams: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को तुरंत 10 से 12 टीमों तक बढ़ाने की बात से इनकार कर दिया है, और जोर देकर कहा कि इस आइडिया पर बोर्ड के अंदर "इनफॉर्मली" चर्चा भी नहीं हुई है।
हालांकि ग्लोबल क्रिकेट मार्केट में आईपीएल में काफी दिलचस्पी है, सैकिया ने कहा कि फिलहाल इसे बढ़ाने की "कोई गुंजाइश" नहीं है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि आईपीएल में टीमों की संख्या को 10 से बढ़ाकर 12 की जा सकती है। लेकिन अब बीसीसीआई सचिव ने इस अफवाहों को सरे से नकार दिया है।
हमने कोई चर्चा नहीं की- सैकिया
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टीमों की गिनती बढ़ाने पर कहा,
"हमने 2028 में आईपीएल के 12 टीमों का होने की संभावना पर न तो फॉर्मली और न ही इनफॉर्मली चर्चा की है। यह इस समय हमारे दायरे में नहीं है। हम 2027 में आईपीएल को लेकर चिंतित हैं, जो टूर्नामेंट का 20वां एडिशन होगा। यह एक बड़ा इवेंट होगा। हमारा फोकस उसी पर है, और हम इस समय इससे आगे किसी और चीज पर विचार नहीं कर रहे हैं।"
सैकिया के इस बयान से उन अफवाहों को रोक दिया है, जिसमें संख्या बढ़ाने की संभावना जताई जा रही थी।
ये अंदाजे वाली रिपोर्ट है- सैकिया
देवजीत सैकिया ने कहा कि मीडिया में जो खबरें चल रही हैं, वह सिर्फ अंदाजा है। इसमें बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने साफ किया,
"मीडिया में जो भी खबरें चल रही हैं, मुझे लगता है कि ये सभी अंदाजे वाली रिपोर्ट हैं जो मनगढ़ंत हैं। मेरे पास उनके बारे में कहने के लिए कोई कमेंट नहीं है। उन रिपोर्ट्स में कोई सच्चाई नहीं है।"
आपको बता दें कि, साल 2022 में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स की एंट्री हुई थी, और काफी लंबे समय से टीमों को बढ़ाने की बात चल रही थीं। लेकिन फिलहाल इसपर बीसीसीआई किसी भी तरह की चर्चा नहीं कर रही है।
16 दिसंबर को होगा ऑक्शन- सैकिया
उन्होंने यह भी कहा कि 2027 के मेगा ऑक्शन से पहले टीम पर्स को 125 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 150 करोड़ रुपये करने पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। सैकिया ने कहा,
"सैलरी पर्स में बढ़ोतरी के बारे में ऐसा कुछ नहीं है। मेगा ऑक्शन अगले साल कभी होगा। इस साल, यह मेगा ऑक्शन नहीं होगा। हमारा ऑक्शन 16 दिसंबर को होना है, जो मौजूदा साइकिल का आखिरी साल होगा। उसके बाद, हम कोई फैसला लेंगे।"
ये भी पढ़ें- नीरज कुमार ने ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता ब्रॉन्ज, LA 2028 में राइफल कोटा किया हासिल