Brent Crude Oil: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने भारत समेत दुनियाभर के देशों को राहत की उम्मीद दी है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे पहुंच गई है। अगस्त के बाद पहली बार कच्चे तेल ने यह स्तर छुआ है।

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अब भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी कम होंगी? क्या आम आदमी को महंगे ईंधन से राहत मिलने वाली है या फिर अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता होने का फायदा केवल तेल कंपनियों तक ही सीमित रहेगा?

दरअसल, भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से कच्चे तेल के रूप में आयात करता है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों का उतार-चढ़ाव देश की अर्थव्यवस्था, महंगाई और ईंधन की लागत पर सीधा असर डालता है।

क्या अब पेट्रोल-डीजल के दाम होंगे कम?

यही सवाल आम वाहन चालकों के लिए सबसे अहम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता होने का मतलब यह नहीं है कि भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें तुरंत घट जाएंगी।

देश में पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतें तय करने में कई कारक भूमिका निभाते हैं। इनमें कच्चे तेल की खरीद लागत, रुपये और डॉलर की विनिमय दर, रिफाइनिंग खर्च, केंद्र और राज्य सरकारों के टैक्स तथा तेल विपणन कंपनियों का मुनाफा शामिल हैं।

इसके अलावा, तेल कंपनियों को पहले हुए नुकसान की भरपाई भी करनी होती है। इसलिए कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का फायदा पहले कंपनियों के वित्तीय दबाव को कम करने में इस्तेमाल हो सकता है।

तेल सस्ता होने के बाद भी क्यों बना हुआ है खतरा?

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता खत्म नहीं हुई है। पश्चिम एशिया में तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास जहाजों की सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं बनी हुई हैं।

11 नवंबर को कुछ समय के लिए ब्रेंट क्रूड की कीमत फिर 92 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई। इससे साफ है कि बाजार में उतार-चढ़ाव अभी जारी रह सकता है।

अगर पश्चिम एशिया में दोबारा तनाव बढ़ता है या तेल की आपूर्ति प्रभावित होती है, तो कच्चे तेल की कीमतें फिर तेजी पकड़ सकती हैं।

यह भी पढ़े - Russia Ukraine Peace Talks: रूस, अमेरिका, यूक्रेन के बीच होगी महा बैठक, युद्ध होगा खत्म या शुरू हो महायुद्ध?