Cameron Green: साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान पेट में खिंचाव आने के बाद, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन शुक्रवार से प्रोटियाज के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने पुष्टि की कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में ग्रीन के बिना उनकी टीम मैदान पर उतरेगी।

यह कंगारुओं के लिए काफी बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि ग्रीन न सिर्फ मिडिल ऑर्डर में एक मजबूत बल्लेबाजी विकल्प हैं, बल्कि अपनी तेज गेंदबाजी से वह कप्तान को विकेट निकालकर भी देते हैं। लेकिन पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को उनकी सेवाएं नहीं मिलेंगी।

9 अक्टूबर से शुरू होगी सीरीज

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टेस्ट मैच की सीरीज का ओपनिंग मैच 9 अक्टूबर को डरबन में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच सबसे लंबे फॉर्मेट में यह आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 फाइनल के बाद पहली भिड़ंत होगी।

साथ ही यह ऑस्ट्रेलिया का 8 साल बाद साउथ अफ्रीका का टेस्ट दौरा होगा, क्योंकि आखिरी बार दोनों टीमों के बीच भिड़ंत साल 2018 में हुई थी, जिसको सैंडपेपरगेट विवाद के रूप में भी याद किया जाता है। इस बार ऑस्ट्रेलिया अपने उस कलंक को मिटाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

उन्हें रिहैब से गुजरना होगा- एंड्रयू मैकडोनाल्ड

ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कैमरून ग्रीन की वापसी को लेकर भी अच्छे संकेत दिए। उन्होंने कहा, "वह अभी भी किसी वजह से यहां है, इसलिए उम्मीद की किरण दिख रही है। बस रिहैब से गुजरना होगा। इस हफ्ते उसके लिए काफी डिमांडिंग हफ्ता है क्योंकि वह कुछ एक्टिविटीज फिर से शुरू कर रहा है।

यह थोड़ा अनजान है, लेकिन अभी भी उम्मीद है कि वह किसी न किसी स्टेज पर सीरीज में हिस्सा लेगा।" हालांकि, कोच के इस बयान से यह स्पष्ट नहीं है कि वह दूसरे मैच के लिए भी फिट हो पाएंगे, लेकिन तीसरे मैच में उनकी वापसी की पूरी संभावनाएं जताई जा रही हैं। 

ऐसे लगी थी चोट

ऑस्ट्रेलिया के स्टार हरफनमौला खिलाड़ी कैमरून ग्रीन तीसरे वनडे के दौरान चोटिल हो गए थे। साउथ अफ्रीकाई तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश की एक फुलटॉस गेंद ग्रीन के सीधे पेट पर जा लगी थी, जिससे वह चोटिल हो गए।

यह ऑस्ट्रेलिया के लिए काफी बड़ा झटका था, क्योंकि ग्रीन काफी शानदार फॉर्म में थे और बांग्लादेश के खिलाफ खेली घरेलू सीरीज में ग्रीन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।

इस सीरीज में उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक ठोका था। जबकि डार्विन में खेले पहले टेस्ट में उन्होंने 10 ओवर भी फेंके थे। हालांकि, अगर उनकी वापसी होती भी है तो वह सीरीज में गेंदबाजी नहीं करेंगे, ऐसे में उनका इस्तेमाल सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर किया जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट स्क्वाड

ऑस्ट्रेलिया टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, कैमरून ग्रीन, सैम हार्पर, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, निक मैडिनसन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर।

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे या बाहर बैठेंगे कगिसो रबाडा? कोच ने दिया बड़ा अपडेट