आज के दौर में सोशल मीडिया हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। लोग घूमने-फिरने, परिवार, दोस्तों, घर या अपनी सामान्य दिनचर्या से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो आसानी से Instagram, Facebook और दूसरे प्लेटफॉर्म पर शेयर कर देते हैं। हालांकि, फोटो पोस्ट करते समय अक्सर हम इस बात पर ध्यान नहीं देते कि तस्वीर के जरिए हमारी निजी जानकारी भी सामने आ सकती है। एक तस्वीर सिर्फ तस्वीर नहीं होती। उसमें ऐसी कई जानकारियां मौजूद हो सकती हैं, जिनका गलत इस्तेमाल आपकी प्राइवेसी के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। इसलिए सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
फोटो के Metadata से सामने आ सकती है लोकेशन
स्मार्टफोन से क्लिक की गई तस्वीरों में कई बार Metadata सेव हो जाता है। इसमें फोटो कब और किस डिवाइस से ली गई, इसके अलावा कुछ मामलों में GPS लोकेशन जैसी जानकारी भी शामिल हो सकती है। अगर तस्वीर के साथ मौजूद लोकेशन संबंधी डेटा किसी अनजान व्यक्ति तक पहुंच जाता है, तो उसके लिए फोटो खींचे जाने की जगह का पता लगाना आसान हो सकता है। इसलिए फोटो शेयर करने से पहले यह देख लेना जरूरी है कि उसमें Location Data सेव तो नहीं हो रहा।
फोटो के बैकग्राउंड से भी मिल सकती है जानकारी
प्राइवेसी का खतरा सिर्फ Metadata तक सीमित नहीं है। कई बार तस्वीर का बैकग्राउंड भी आपकी लोकेशन के बारे में काफी कुछ बता देता है,उदाहरण के लिए, अगर आप घर की बालकनी, कमरे, सोसायटी, गली या बाहर खड़ी कार की तस्वीर बार-बार पोस्ट करते हैं, तो कोई व्यक्ति आसपास की चीजों को देखकर आपकी जगह पहचानने की कोशिश कर सकता है। इसी तरह लगातार एक ही समय या एक ही स्थान से पोस्ट करने पर आपकी रोजाना की गतिविधियों और आने-जाने के पैटर्न का अनुमान भी लगाया जा सकता है। इसलिए घर और निजी जगहों से जुड़ी तस्वीरें शेयर करते समय अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।
पोस्ट करने से पहले Location Permission जांचें
Android और iPhone दोनों में कैमरा ऐप को Location Permission देने का विकल्प होता है। यदि आपको तस्वीरों में GPS लोकेशन सेव करने की जरूरत नहीं है, तो कैमरा ऐप की लोकेशन एक्सेस को बंद किया जा सकता है। यहां एक जरूरी बात समझना भी महत्वपूर्ण है। कैमरा ऐप की Location Permission और सोशल मीडिया ऐप की Location Permission अलग-अलग सेटिंग होती हैं। इसलिए सिर्फ कैमरे की लोकेशन बंद करना पर्याप्त नहीं है। बेहतर होगा कि आप संबंधित सोशल मीडिया ऐप की Location Permission को भी अलग से जांचें।
Social Media पर Location Tag करने से बचें
फोटो या वीडियो पोस्ट करते समय कई प्लेटफॉर्म Location Tag जोड़ने की सुविधा देते हैं। इससे पोस्ट के साथ उस जगह का नाम भी दिखाई दे सकता है जहां से आपने कंटेंट शेयर किया है। अगर आप घर, ऑफिस या किसी निजी जगह पर मौजूद हैं और अपनी मौजूदगी की जानकारी सार्वजनिक नहीं करना चाहते, तो ऐसी स्थिति में Location Tag का इस्तेमाल न करना ज्यादा सुरक्षित विकल्प हो सकता है।
बच्चों की तस्वीरें शेयर करते समय रहें ज्यादा सतर्क
बच्चों की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते समय भी प्राइवेसी को प्राथमिकता देनी चाहिए। तस्वीर में स्कूल की यूनिफॉर्म, स्कूल का नाम, बस नंबर, घर का पता या बच्चे की नियमित गतिविधियों से जुड़ी जानकारी अनजाने में दिखाई दे सकती है। फोटो पोस्ट करने से पहले उसके बैकग्राउंड को अच्छी तरह देख लें। अगर कोई ऐसी जानकारी नजर आ रही है जिससे बच्चे की पहचान, स्कूल या रोजाना की लोकेशन का पता चल सकता है, तो उसे ब्लर या क्रॉप करना बेहतर रहेगा।
सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने से पहले रखें ये सावधानियां
फोटो शेयर करना सामान्य बात है, लेकिन पोस्ट करने से पहले कुछ सेकंड सावधानी बरतना आपकी निजी जानकारी को सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है। फोटो का Metadata, Location Permission, Location Tag और बैकग्राउंड में दिखाई देने वाली निजी जानकारी को हमेशा चेक करें। खासकर घर, ऑफिस और बच्चों से जुड़ी तस्वीरों को सार्वजनिक करने से पहले यह जरूर सोचें कि इस फोटो से कोई अनजान व्यक्ति आपके बारे में क्या-क्या जानकारी हासिल कर सकता है।
ये भी पढ़ें- क्या आपको भी गर्मी में जांघों के बीच छिलने लगते है त्वचा.... जानिए कारण, लक्षण और आसान उपाय