Palwal Rape Case: दिल्ली से सटे हरियाणा के पलवल जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा अपने पिता का मोबाइल चार्जर लेने के लिए मस्जिद परिसर में गई थी, जहां एक रिश्तेदार ने उसे कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला पलवल के हसनपुर इलाके की एक मस्जिद का है। घटना 25 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि पुलिस के सामने मामला बाद में आया। पीड़िता निजी स्कूल में छठी कक्षा की छात्रा है और उसके पिता मस्जिद में मौलवी हैं।
चार्जर लेने मस्जिद गई थी छात्रा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी किसी निजी काम से हसनपुर आया था। पीड़िता के पिता ने उसके ठहरने की व्यवस्था मस्जिद परिसर में की थी।25 अगस्त को छात्रा अपने पिता के मोबाइल का चार्जर लेने मस्जिद के अंदर गई थी। आरोप है कि वहां आरोपी ने उसे अकेला देखकर एक कमरे में बुलाया और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।जब छात्रा काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो उसकी मां को शक हुआ। वह मस्जिद पहुंचीं और कमरे से बच्ची की आवाज सुनाई देने पर शोर मचाया।
दरवाजा तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला
पुलिस के अनुसार, बच्ची के परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। छात्रा को इलाज और मेडिकल जांच के लिए पलवल के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि
हसनपुर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर विजय पाल के मुताबिक, पीड़िता का सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। बच्ची का करीब दो दिन तक इलाज चला, जिसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO Act के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।