अप्रैल के महीने में जहां चिलचिलाती गर्मी होनी चाहिए थी, वहां इस वक्त कुदरत का अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर चांदी जैसी सफेद बर्फ बिछी है, तो दिल्ली-यूपी समेत मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है।

वैष्णो देवी यात्रा पर असर
पहाड़ों में हो रही लगातार हलचल का असर श्रद्धालुओं पर भी पड़ा है। जम्मू-कश्मीर के नत्थाटॉप और कठुआ में भारी बर्फबारी हुई है। वैष्णो देवी मार्ग पर हिमकोटि के पास पत्थर गिरने की वजह से अर्द्धकुंवारी से भवन तक की यात्रा को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। हालांकि, दो दिन बंद रहने के बाद जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को शाम को खोल दिया गया है।

बदरीनाथ-केदारनाथ में बर्फ की चादर
उत्तराखंड के चारों धाम— बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री— इस वक्त बर्फ से ढके हुए हैं। औली में भी हर तरफ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। इस बेमौसम बर्फबारी की वजह से चारधाम यात्रा की तैयारियों में भी दिक्कतें आ रही हैं। निचले इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने लोगों को अप्रैल में ही जनवरी की ठंड का अहसास करा दिया है।

मैदानों में आंधी-तूफान का डर
मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी बृहस्पतिवार को भी दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। बताया जा रहा है कि कई जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ों और बिजली की लाइनों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।

Written by: Anushka sagar