उत्तर प्रदेश में आज सुबह से ही मौसम के तेवर पूरी तरह बिगड़े हुए हैं। नोएडा से लेकर मेरठ तक, आसमान में काली घटाओं ने डेरा डाल लिया है और बिजली की कड़क ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए आसमानी आफत साबित हो सकते हैं। आज 7 अप्रैल को 50 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है, जिससे चलते-फिरते लोगों और घर से बाहर निकलने वालों को संभलकर रहने की सलाह दी गई है।

पश्चिमी यूपी में मचेगी तबाही, 60 km की रफ्तार से आएगा तूफान!
आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और फिरोजाबाद जैसे जिलों में तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। यहाँ मौसम विभाग ने बाकायदा 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। बताया जा रहा है कि हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो पेड़ों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचाने के लिए काफी है। पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में सुबह से ही बादल गरज रहे हैं और कुछ जगहों पर तो ओले गिरने की खबरें भी आने लगी हैं।

किसानों की मेहनत पर फिरेगा पानी?
इस खराब मौसम ने सबसे ज्यादा किसानों की नींद उड़ा दी है। बुधवार 8 अप्रैल को प्रदेश के लगभग हर हिस्से में बिजली गिरने और भारी ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। आगरा, इटावा और जालौन के बेल्ट में ओले गिरने का सीधा मतलब है खेतों में खड़ी सोने जैसी फसल की बर्बादी। किसानों के लिए ये दो दिन किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं हैं, क्योंकि तेज बारिश और ओलों से गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंच सकता है।

लखनऊ-कानपुर में भी मौसम रहेगा खराब, फिर झुलसाएगी गर्मी
राजधानी लखनऊ के साथ-साथ कानपुर, मेरठ और गाजियाबाद में भी 'यलो अलर्ट' है, यानी यहाँ भी धूल भरी आंधी और बौछारें पड़ने के पूरे आसार हैं। हालांकि, ये राहत बहुत कम वक्त की है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 9 और 10 अप्रैल से जैसे ही बारिश थमेगी, सूरज अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर देगा। अचानक से पारा 6 से 8 डिग्री तक उछल सकता है, जिसका मतलब है कि इन दो दिनों की आफत के तुरंत बाद प्रदेश के लोगों को भीषण लू और गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

Written by: Anushka sagar