शादी के बाद हनीमून सिर्फ घूमने-फिरने की ट्रिप नहीं होता, बल्कि यह नए रिश्ते की खूबसूरत शुरुआत माना जाता है। कोई कपल गोवा, मनाली या दार्जिलिंग जाना पसंद करता है, तो कई लोग विदेशों में अपने पार्टनर के साथ खास पल बिताने का सपना देखते हैं। मालदीव, वियतनाम और बाली जैसे देश लंबे समय से हनीमून के लिए लोकप्रिय रहे हैं, लेकिन हाल ही के एक सर्वे ने यह खुलासा किया है कि दुनिया में कुछ ऐसे हनीमून डेस्टिनेशन भी हैं, जहां घूमने जाने वाले कपल्स की शादीशुदा जिंदगी ज्यादा खुशहाल मानी जाती है।

इस देश में हनीमून मनना सबसे अच्छा

इस रिसर्च का नाम ‘वाउज एंड वेन्यूज’ रखा गया। इसके लिए करीब 2,000 शादीशुदा जोड़ों से बातचीत की गई। सर्वे में सामने आया कि इटली में हनीमून मनाने वाले कपल्स सबसे ज्यादा खुशहाल वैवाहिक जीवन जी रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इटली को हनीमून डेस्टिनेशन चुनने वाले 88 प्रतिशत जोड़े आज भी अपनी शादी से बेहद संतुष्ट हैं। इटली अपनी खूबसूरत संस्कृति, शानदार खाने और रोमांटिक माहौल के लिए दुनियाभर में मशहूर है। यही वजह है कि कई हॉलीवुड सितारे भी इसे पसंद करते हैं।

रिश्तों में प्यार और अपनापन बढ़ाता है इटली का माहौल

सर्वे में शामिल लोगों का कहना है कि इटली का माहौल रिश्तों में प्यार और अपनापन बढ़ाने वाला है। साल 2018 में अमाल्फी कोस्ट पर हनीमून मनाने वाली बेकी स्टैंटन ने बताया कि वहां की जिंदगी बेहद शांत और रिलैक्स्ड है। लोग भागदौड़ से दूर हर पल को खुलकर जीते हैं। वहीं, एक अन्य महिला नीना का कहना है कि इटली को “प्यार का देश” कहा जाता है, जहां सदियों से लोग अपने रिश्तों को खास बनाने आते रहे हैं।

ये देश भी रेस में है शामिल

इटली के बाद थाईलैंड दूसरे नंबर पर रहा, जहां 87 प्रतिशत कपल्स ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को खुशहाल बताया। इंडोनेशिया, खासकर बाली, 85 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा जमैका, पुर्तगाल, अमेरिका, जापान, मालदीव, मॉरीशस और स्पेन भी इस सूची में शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि लग्जरी हनीमून डेस्टिनेशन माने जाने वाले मालदीव और मॉरीशस इस लिस्ट में नौवें स्थान पर रहे।

इतने दिन का होना चाहिए हनीमून

रिपोर्ट के मुताबिक एक आदर्श हनीमून के लिए कम से कम 13 दिनों का समय होना चाहिए। इसके लिए कपल्स औसतन करीब 10.5 लाख रुपये खर्च करते हैं। सर्वे में यह भी सामने आया कि हनीमून डेस्टिनेशन चुनने के पीछे तीन बड़ी वजहें होती हैं। पहली वजह अच्छा मौसम है, जिसे 47 प्रतिशत कपल्स सबसे ज्यादा महत्व देते हैं। दूसरी वजह बजट और सुविधाएं हैं, जबकि तीसरी वजह ऐसी जगह चुनना है, जहां रोमांस के साथ खूबसूरत यादें और तस्वीरें भी बनाई जा सकें।

Written By Toshi Shah