आजकल रिश्तों में बेवफाई सिर्फ बड़े धोखे तक सीमित नहीं रही, बल्कि कई बार छोटी-छोटी हरकतें भी भरोसे को कमजोर कर देती हैं। इन्हीं व्यवहारों को माइक्रोचीटिंग कहा जाता है। पोर्टलैंड के एक रिलेशनशिप काउंसलर Jeff Guenther के अनुसार, माइक्रोचीटिंग ऐसे व्यवहार होते हैं जो सीधे तौर पर धोखा नहीं लगते, लेकिन पार्टनर के विश्वास को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाते हैं।
क्या है माइक्रोचीटिंग
माइक्रोचीटिंग का मतलब उन छोटी-छोटी चीज़ों से है जो यह संकेत देती हैं कि व्यक्ति अपने रिश्ते में पूरी तरह ईमानदार या वफादार नहीं है। उदाहरण के तौर पर, एक्स से छुपकर बात करना, किसी और से फ्लर्ट करना या सोशल मीडिया पर किसी खास व्यक्ति में जरूरत से ज्यादा दिलचस्पी लेना। भले ही ये बातें मामूली लगें, लेकिन समय के साथ ये रिश्ते में दूरी और असुरक्षा पैदा कर सकती हैं।
दो तरह के होते हैं माइक्रोचीटिंग
Jeff Guenther ने माइक्रोचीटिंग को दो हिस्सों में बांटा है। पहला प्रकार धोखे और चालाकी से जुड़ा होता है, जो रिश्ते के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदायक है। इसमें अपने एक्स को मैसेज करके सबूत मिटा देना, या किसी नए व्यक्ति का नंबर गलत नाम से सेव करना शामिल है। यह व्यवहार साफ तौर पर विश्वास को तोड़ता है और गलतफहमियों को बढ़ाता है।
फ्लिकर नहीं है नुकसानदायक
दूसरा प्रकार “फ्लिकर” कहलाता है। इसमें कोई छुपाव या झूठ नहीं होता, बल्कि यह एक सामान्य आकर्षण है जो किसी के प्रति भी महसूस हो सकता है। जैसे किसी को आकर्षक लगना, हल्की-फुल्की मज़ाकिया बातचीत करना या सोशल मीडिया पर किसी की तस्वीर पसंद करना। अगर इस तरह के व्यवहार को लेकर दोनों पार्टनर के बीच खुलापन और समझ हो, तो यह नुकसानदायक नहीं होता।
फ्लिकर के लिए कपल के रिश्ते होने चाहिए मजबूत
हालांकि, “फ्लिकर” तभी सही माना जाता है जब रिश्ते में स्पष्ट सीमाएं तय हों और दोनों पार्टनर एक-दूसरे पर भरोसा करते हों। ईमानदारी और पारदर्शिता हर रिश्ते की नींव होती है। इसलिए, माइक्रोचीटिंग चाहे छोटी लगे, लेकिन इसका असर गहरा हो सकता है। रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है कि दोनों पार्टनर एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें, खुलकर संवाद करें और आपसी विश्वास को बनाए रखें।
Written By Toshi Shah