इंटरनेट का उपयोग भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में बहुत तेजी से बढ़ गया है। आज लोग सर्च करने, सोशल मीडिया चलाने, ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट जैसे लगभग हर काम के लिए इंटरनेट पर निर्भर हो गए हैं। इसी वजह से कई बार थोड़ी देर इंटरनेट बंद होने पर भी लोग असहज या परेशान महसूस करने लगते हैं। हाल ही में हुए कुछ शोधों में यह बात सामने आई है कि इंटरनेट सिर्फ हमारी दिनचर्या ही नहीं, बल्कि हमारे सोचने के तरीके और व्यक्तित्व पर भी असर डाल सकता है।

एल्गोरिदम का प्रभाव

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर जो भी कंटेंट हमें दिखाई देता है, वह अपने आप नहीं चुना जाता। इसके पीछे एल्गोरिदम काम करते हैं, जो हमारी ऑनलाइन गतिविधियों के आधार पर तय करते हैं कि हमें कौन-सा वीडियो, खबर या विज्ञापन दिखाया जाए।

डेटा का लगातार संग्रह

विशेषज्ञों के अनुसार, बड़ी टेक कंपनियां सिर्फ डेटा इकट्ठा ही नहीं करतीं, बल्कि उसका विश्लेषण करके हमारे भविष्य के व्यवहार का अनुमान भी लगाने की कोशिश करती हैं। हमारी हर ऑनलाइन गतिविधि जैसे सर्च करना, वीडियो देखना, पोस्ट पर क्लिक करना या खरीदारी करना एक डिजिटल रिकॉर्ड बन जाती है, जिसका उपयोग हमारी पसंद-नापसंद समझने में किया जाता है।

बनते जा रहे हैं यूजर “डेटा सब्जेक्ट”

शोध में यह भी बताया गया है कि आज इंटरनेट उपयोग करने वाले लोग धीरे-धीरे “डेटा सब्जेक्ट” बनते जा रहे हैं, यानी उनकी ऑनलाइन गतिविधियाँ एक डेटा में बदलकर कंपनियों के उपयोग में आ रही हैं। कई लोग यह मानते हैं कि उनके फैसले पूरी तरह उनके अपने हैं, जबकि वास्तव में उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म्स काफी हद तक प्रभावित कर सकते हैं।

छोटे सुझावों का बड़ा असर

ऑनलाइन मिलने वाले छोटे-छोटे सुझाव—जैसे नोटिफिकेशन, वीडियो रिकमेंडेशन या शॉपिंग सुझाव—साधारण लग सकते हैं, लेकिन समय के साथ ये हमारी आदतों और निर्णय लेने की क्षमता पर गहरा असर डाल सकते हैं।

 

Written By Toshi Shah