Opposition Suspension: मंगलवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन में बेहद अहम फैसला सुनाया है। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान निलंबित किए गए 8 विपक्षी सांसदों का निलंबन समाप्त कर दिया गया है। ये सांसद फरवरी में सदन में हंगामा और अनुशासनहीन व्यवहार के आरोप में सस्पेंड किए गए थे।
शर्तों के साथ लोकसभा स्पीकर ने किया निलंबन रद्द
आगे स्पीकर ने कहा कि सोमवार को सभी दलों की बैठक में ये सहमति बनी थी कि सदन की गौरवशाली परंपरा बनाए रखने के लिए सभी सांसद मिलकर सहयोग करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि संसद परिसर में AI जेनरेटेड फोटो, अपमानजनक प्लेकार्ड, फेक इमेज या नारे नहीं लगाए जाएं। क्योंकि कल ही एक बुलेटिन जारी किया था, जिसमें ये निर्देश दिए गए थे।
ताली दोनों हाथ से बजती है: ललन सिंह
वहीं धर्मेंद्र यादव ने के सुरेश के प्रस्ताव का समर्थन किया और निशिकांत दुबे का नाम लेकर कहा कि पहले आपको सुधार करना होगा। फिर इसके बाद निशिकांत दुबे खड़े हुए और बोले कि उन्होंने कभी मर्यादा का उल्लंघन नहीं किया। इसपर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि ताली दोनों हाथ से बजती है। उन्होंने के सुरेश से कहा कि कल की बैठक में जो फैसला हुआ, उसे पूरी तरह कहें, आधा-अधूरा नहीं।
किरेन रिजिजू ने दी विपक्ष को ये नसीहत
इसके अलावा किरेन रिजिजू ने भी कहा कि स्पीकर अगर पहल करें और विपक्ष बात करने को तैयार रहे, तो सरकार हमेशा तैयार है। हालांकि उन्होंने लक्ष्मण रेखा खींचने पर जोर दिया और विपक्ष से स्पष्टीकरण मांगा कि स्पीकर की रूलिंग मानेंगे या नहीं।
स्पीकर ने की सदन की पवित्रता बनाए रखने की अपील
अंत में स्पीकर ओम बिरला ने सभी दलों की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए सदन की पवित्रता बनाए रखने की अपील की। प्रस्ताव पर मतदान हुआ और स्पीकर ने घोषणा की, 'प्रस्ताव पारित हुआ। निलंबन तुरंत प्रभाव से समाप्त किया जाता है।
Writen By: Geeta Sharma