देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों अचानक बदल गया है। मार्च के मध्य में आमतौर पर गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार कई राज्यों में ठंड ने फिर से वापसी कर ली है। इसकी मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है, जिससे उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मौसम पर व्यापक असर देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बारिश और तेज हवाओं ने तापमान को काफी नीचे गिरा दिया है। वहीं पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर में लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।
देश के कई इलाके में होगी बर्फबारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी मौसम खराब रह सकता है।
इस इलाके में गिर सकती है बिजली
पूर्वी भारत के राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है। यहां हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों—अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।
दिल्ली में ऐसा रहेगा मौसम
दिल्ली की बात करें तो यहां पिछले दो दिनों की बारिश और तेज हवाओं ने तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट ला दी है। आज भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और 23 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में तापमान में हो सकती है गिरावट
उत्तर प्रदेश में 21 मार्च को तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। हवा की गति 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी के आसार
वहीं उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। 23 मार्च तक 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
Written By Toshi Shah