आज भी बहुत से लोग अपने स्मार्टफोन के पावर बटन का इस्तेमाल केवल फोन को ऑन या ऑफ करने तक सीमित रखते हैं, जबकि यह छोटा-सा बटन कई कामों को आसान बना सकता है। सही सेटिंग्स के जरिए आप पावर बटन से कई स्मार्ट फीचर्स कंट्रोल कर सकते हैं, जिससे आपका फोन इस्तेमाल करना और भी आसान हो जाता है। आइए जानते हैं इसके 5 खास उपयोग।

तुरंत कैमरा खोलें

कई बार कोई खास पल अचानक सामने आ जाता है और कैमरा खोलने में देर हो जाती है। ऐसे में आप पावर बटन को दो बार दबाकर सीधे कैमरा खोल सकते हैं। इससे आप बिना समय गंवाए जल्दी फोटो क्लिक कर सकते हैं।

AI असिस्टेंट चालू करें

आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन्स में पावर बटन को कुछ सेकंड दबाकर रखने पर AI असिस्टेंट (जैसे Gemini या अन्य वॉइस असिस्टेंट) एक्टिव हो जाता है। इसके जरिए आप सवाल पूछ सकते हैं, कॉल कर सकते हैं या कई काम बिना हाथ लगाए कर सकते हैं।

टॉर्च ऑन और ऑफ करें

अंधेरे में टॉर्च चालू करने के लिए फोन अनलॉक करना झंझट लग सकता है। कई फोन्स में पावर बटन से ही टॉर्च ऑन और ऑफ करने का विकल्प मिलता है। बस एक बार सेटिंग में इसे चालू करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत टॉर्च इस्तेमाल करें।

इमरजेंसी SOS फीचर

सुरक्षा के लिए पावर बटन का यह फीचर बहुत जरूरी है। आप इसे सेट करके पावर बटन को 3 या 5 बार दबाने पर अपने इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को लोकेशन और जरूरी जानकारी भेज सकते हैं। संकट के समय यह फीचर बेहद काम आता है।

एक बटन से कॉल खत्म करें

आप अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर “Power Button Ends Call” ऑप्शन ऑन कर सकते हैं। इसके बाद सिर्फ एक बार पावर बटन दबाकर किसी भी कॉल को आसानी से खत्म किया जा सकता है।

 Written By Toshi Shah