बारिश से गर्मी से राहत तो मिलती है, लेकिन इसके ही हवा में काफी नमी बढ़ जाती है। इसी वजह से कई बार तापमान कम होने के बाद भी लोगों को चिपचिपाहट और घुटन महसूस होती है। ऐसे में लोग AC का सहारा लेते हैं, लेकिन अगर मानसून में AC का सही तरीके से इस्तेमाल न किया जाए तो बिजली का बिल बढ़ सकता है। यदि आप चाहते हैं कि बारिश के मौसम में कमरा ठंडा रहे और बिजली का खर्च भी कम आए, तो AC इस्तेमाल करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
AC चलने के दौरान बार-बार दरवाजा या खिड़की न खोलें
कई बार लोग AC चलने के दौरान बार-बार दरवाजा या खिड़की खोल देते हैं। इससे बाहर की नमी वाली हवा कमरे में आने लगती है। जिससे AC को कमरे को ठंडा करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसलिए AC ऑन होने पर कोशिश करें कि दरवाजे और खिड़कियां बंद रहें।
AC को 18 या 20 डिग्री सेल्सियस पर सेट करने से बचें
लोग सोचते हैं कि AC को 18 या 20 डिग्री पर सेट करने से कमरा जल्दी ठंडा हो जाएगा। लेकिन ऐसा करने से बिजली ज्यादा खर्च होती है और मशीन पर दबाव पड़ता है। मानसून के दौरान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस का तापमान सबसे बेहतर माना जाता है। इससे ठंडक भी मिलती है और बिजली की बचत भी होती है।
बारिश में ‘Dry Mode’ का इस्तेमाल फायदेमंद होता है
बारिश के मौसम में सबसे ज्यादा परेशानी नमी की होती है। ऐसे में हमेशा Cool Mode चलाने के बजाय Dry Mode का इस्तेमाल करना चाहिए है। क्योंकि यह मोड हवा में मौजूद अतिरिक्त नमी को कम करता है, जिससे कमरा ज्यादा आरामदायक महसूस होता है। यह सामान्य कूलिंग मोड की तुलना में कम बिजली भी खर्च करता है।
समय-समय पर साफ करें AC का फिल्टर
बारिश के दिनों में धूल और नमी की वजह से AC का एयर फिल्टर जल्दी गंदा हो जाता है। गंदा फिल्टर हवा के बहाव को कम कर देता है, जिससे कूलिंग प्रभावित होती है। इसलिए कुछ हफ्तों में फिल्टर की सफाई जरूर करें। इससे AC बेहतर तरीके से काम करेगा और बिजली की खपत भी कम होगी।
आउटडोर यूनिट की देखभाल करें
लोग केवल कमरे के अंदर लगे AC पर ध्यान देते हैं, जबकि बाहर लगी यूनिट की सफाई भी जरूरी होती है। बारिश और तेज हवा के कारण उसके आसपास पत्ते, मिट्टी और कचरा जमा हो सकता है। इससे हवा का बहाव रुकता है और कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
इन बातों का रखें ध्यान
अगर AC की सर्विस समय पर कराई जाए और जरूरत के अनुसार सही मोड का इस्तेमाल किया जाए, तो बेहतरीन कूलिंग मिलती है। बिजली का बिल भी काफी हद तक कम किया जा सकता है। ऐसे ही छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर आप पूरे बारिश के मौसम में किफायती तरीके से AC का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Written By: Geeta Sharma