राजस्थान के अलवर स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व में हाल ही में एक बेहद दुर्लभ दृश्य देखने को मिला, जिसने वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। रिजर्व के बाल किला बफर क्षेत्र में पहली बार एक सफेद मोर दिखाई दिया है। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं।
बारा लिवारी ट्रैक सफारी पर दिखा अनोखा पक्षी
जानकारी के अनुसार, पर्यटक बारा लिवारी ट्रैक पर सफारी का आनंद ले रहे थे, तभी उनकी नजर इस अनोखे पक्षी पर पड़ी। सामान्य नीले-हरे रंग के मोरों की तुलना में इसका पूरी तरह सफेद स्वरूप बेहद आकर्षक और अलग दिखाई दे रहा था। पर्यटकों ने तुरंत अपने कैमरों में इस दुर्लभ पल को कैद कर लिया।
अत्यंत असामान्य सफेद मोर का दिखना
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, सफेद मोर का दिखना अत्यंत असामान्य घटना है। इसका संबंध प्रायः आनुवंशिक परिवर्तन या ल्यूसीज्म (Leucism) जैसी विशेष जैविक स्थिति से माना जाता है, जिसके कारण पक्षी के पंखों में सामान्य रंग विकसित नहीं हो पाता।
कई जानवर पहले से ही हैं मौजूद
सरिस्का टाइगर रिजर्व पहले से ही बाघों, तेंदुओं, सांभर, चीतल, नीलगाय, भालू और अन्य वन्यजीवों की समृद्ध उपस्थिति के लिए प्रसिद्ध है। यहां मोरों और गिद्धों की भी अच्छी संख्या पाई जाती है, लेकिन सफेद मोर का दिखाई देना इस क्षेत्र के लिए एक नई और विशेष घटना मानी जा रही है।
वन संरक्षक ने दुर्लभ पक्षी को लेकर कही ये बात
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरिस्का के मुख्य वन संरक्षक (CCF) संग्राम सिंह ने इस दुर्लभ पक्षी की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि इसकी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरिस्का के इतिहास में पहली बार सफेद मोर देखे जाने की सूचना मिली है, जो रिजर्व के लिए बेहद महत्वपूर्ण और खास उपलब्धि है।
Written By Toshi Shah