मार्च की शुरुआत में जहां गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू किया था, वहीं 15 मार्च के आसपास से मौसम ने एक बार फिर करवट ली हैं। अब आलम ये है कि सुबह के वक्त हल्की ठंडक महसूस हो रही है। तापमान सामान्य से कम है। अब मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर देश के अधिकतर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम के बदलने की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 20 मार्च तक आंधी-तूफान और भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार देर शाम हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आई है। अब मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राजधानी में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। 19 मार्च की दोपहर और शाम को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश-ओले गिरने की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 19-20 मार्च के दौरान भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
इन राज्यों में 22 मार्च तक बरसेंगे बारिश
IMD के अनुसार, पूर्वी और मध्य भारत में भी 22 मार्च तक गरज के साथ तूफानी गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। झारखंड और पश्चिम बंगाल में 20-21 मार्च को 60-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुतााबिक बिहार में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
Written By Toshi Shah