सावन का महीना भगवान शिव की उपासना, श्रद्धा और संयम का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोमवार का व्रत रखते हैं और सात्विक भोजन का पालन करते हैं। व्रत में सामान्य अनाज, लहसुन, प्याज और मांसाहारी भोजन से दूरी बनाई जाती है। इसके स्थान पर कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, सामा के चावल, राजगिरा, मखाना, आलू, दूध, दही, फल और सूखे मेवों का सेवन किया जाता है। यदि आप भी इस बार व्रत के दौरान कुछ स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो ये फलाहारी रेसिपीज़ बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं।
दही वाले आलू
दही वाले आलू व्रत में बनने वाली सबसे लोकप्रिय डिशों में से एक हैं। इसमें उबले हुए आलू को गाढ़ी दही की ग्रेवी में पकाया जाता है। ग्रेवी को हल्का गाढ़ा बनाने के लिए कुट्टू का आटा मिलाया जाता है, जबकि सेंधा नमक और व्रत वाले मसाले इसका स्वाद बढ़ाते हैं। इसे कुट्टू की पूरी या फलाहारी रोटी के साथ परोसा जा सकता है।
कुट्टू की कुरकुरी पूरी
व्रत के दौरान कुट्टू की पूरी लगभग हर घर में बनाई जाती है। उबले हुए आलू और कुट्टू के आटे से नरम आटा तैयार किया जाता है। इससे बनी पूरियां बाहर से कुरकुरी और अंदर से मुलायम होती हैं। इन्हें दही वाले आलू, दही या किसी भी फलाहारी सब्जी के साथ खाया जा सकता है।
साबूदाना खिचड़ी
साबूदाना खिचड़ी व्रत का सबसे पसंदीदा भोजन माना जाता है। भीगे हुए साबूदाने में उबले आलू, भुनी हुई मूंगफली का पाउडर, जीरा, हरी मिर्च और घी का तड़का लगाया जाता है। अंत में नींबू का रस और हरा धनिया डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। यह लंबे समय तक पेट भरा रखने के साथ शरीर को पर्याप्त ऊर्जा भी देती है।
मखाना खीर
अगर व्रत में मीठा खाने की इच्छा हो, तो मखाने की खीर एक बेहतरीन विकल्प है। हल्के भुने हुए मखानों को दूध में धीमी आंच पर पकाकर उसमें चीनी, इलायची और अपनी पसंद के सूखे मेवे मिलाए जाते हैं। कई लोग इसे भगवान शिव को भोग लगाने के बाद प्रसाद के रूप में भी ग्रहण करते हैं।
फलाहारी आलू चाट
कुछ चटपटा खाने का मन हो तो फलाहारी आलू चाट तैयार की जा सकती है। उबले हुए आलू को हल्का सुनहरा होने तक सेंक या तल लें। फिर उसमें सेंधा नमक, दही, हरी चटनी और ऊपर से अनार के दाने डालकर परोसें। यह स्वाद और ताजगी का शानदार मेल है।
फलाहारी डोसा और सामा वड़ा
अगर आप रोज़ के व्रत वाले खाने से अलग कुछ बनाना चाहते हैं, तो सामा और राजगिरा के आटे से फलाहारी डोसा तैयार कर सकते हैं। इसे छाछ, अदरक और हरी मिर्च के साथ बनाकर मूंगफली-दही की चटनी के साथ परोसें। इसके अलावा सामा के आटे, उबले आलू, मूंगफली, तिल और हरी मिर्च से बने सामा वड़े भी काफी पसंद किए जाते हैं। इन्हें सुनहरा तलकर दही के साथ परोसने पर स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। इन सभी फलाहारी व्यंजनों की खासियत यह है कि ये स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी हैं। इसलिए सावन के व्रत के दौरान इन रेसिपीज़ को अपनी थाली में शामिल कर आप स्वाद और सेहत दोनों का आनंद ले सकते हैं।
Written By Toshi Shah