पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने बीते दिन यानी मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (Sheikh Mohammed bin Zayed Al Nahyan) से बात की। पीएम मोदी ने UAE के राष्ट्रपति को ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि भारत यूएई पर हुए सभी हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें लोगों की जान गई और आम लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

पीएम मोदी ने पोस्ट कर की ये बात

पीएम मोदी ने X पर लिखा, "मैंने अपने भाई, UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की और उन्हें ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। हमने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। हमने UAE पर हुए उन सभी हमलों की भारत की ओर से कड़ी निंदा दोहराई, जिनके कारण बेकसूर लोगों की जान गई और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।"

क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए साथ मिलकर काम करेंगे- मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम इस बात पर सहमत हुए कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना कितना महत्वपूर्ण है। हम इस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की जल्द बहाली के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

यूएई ने 1,500 से अधिक ड्रोन किए इंटरसेप्ट

बता दें कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद से गल्फ देशों ने मिसाइल और ड्रोन हमलों की लहरों का सामना किया है। यूएई ने अब तक 1,500 से अधिक ड्रोन इंटरसेप्ट किए हैं।

  

Written By Toshi Shah