जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) में देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के 3,000 से अधिक छात्रों, फैकल्टी सदस्यों और कर्मचारियों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम 2 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय के डॉ. एम.ए. अंसारी ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। बता दें कि कार्यक्रम में कुल 3,080 छात्रों और 610 स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की। इस अवसर पर जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कुलपति प्रो. मज़हर आसिफ, रजिस्ट्रार प्रो. मो. महताब आलम रिज़वी, विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, स्कूलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
जामिया में आयोजित अभियान में युवाओं की भागीदारी
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के लाइव प्रसारण के साथ हुई। प्रधानमंत्री के संदेश में युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद एनसीडी, नई दिल्ली की ओर से एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों को प्रभावी तरीके से दर्शाया गया। इस अभियान के तहत प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ राष्ट्रव्यापी शपथ भी ली। शपथ के दौरान छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में समाज में जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को नशा-मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
नशा-मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी को बताया गया महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश के विकास में स्वस्थ और जागरूक युवाओं की भूमिका अहम है। ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है और नशा-मुक्त भारत का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक भागीदारी, युवाओं में जागरूकता और नशीले पदार्थों के खिलाफ सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस अभियान को युवाओं के बीच सकारात्मक बदलाव लाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
छात्र कल्याण डीन ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का समापन छात्र कल्याण डीन प्रो. नीलोफ़र अफ़ज़ल द्वारा दिए गए औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों, शिक्षकों और छात्रों के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
Written By: M. Atharuddin Munne Bharti
Edited By : Toshi Shah