आजकल की लाइफस्टाइल में सब कुछ बदल गया है। पहले लोग कहते थे कि सही वक्त पर शादी और बच्चे हो जाएं तो अच्छा है, पर अब जमाना बदल चुका है। आज की महिलाएं पहले अपने पैर पर खड़ी होना चाहती हैं, करियर बनाना चाहती हैं, फिर फैमिली का सोचती हैं। इसीलिए अब 30 या 35 की उम्र में मां बनने का ट्रेंड बढ़ गया है। पर क्या हमारा शरीर भी इसी हिसाब से तैयार है? आइए जानते हैं कि आखिर वो कौन सी उम्र है जब प्रेग्नेंसी सबसे सुरक्षित और आसान रहती है।

क्या है 'गोल्डन पीरियड'
अगर हम डॉक्टर की भाषा छोड़कर सीधी बात करें, तो 20 से 30 साल की उम्र हमारे शरीर के लिए सबसे बेस्ट होती है। इस उम्र में शरीर में एनर्जी भरपूर होती है और मां बनने की संभावना भी सबसे ज्यादा रहती है। 30 साल तक सब कुछ काफी स्मूथ रहता है, लेकिन जैसे ही आप 30 की दहलीज पार करती हैं, बॉडी में वो पहली वाली फर्टिलिटी धीरे-धीरे कम होने लगती है। इसका मतलब ये नहीं कि आप मां नहीं बन सकतीं, बस थोड़ी मेहनत और सावधानी बढ़ जाती है।

30 की उम्र पार करते ही क्या....
अक्सर महिलाओं को लगता है कि वो फिट हैं तो सब ठीक है, पर हकीकत ये है कि हमारे शरीर में 'एग्स' की संख्या फिक्स होती है। उम्र बढ़ने के साथ उनकी संख्या और क्वालिटी दोनों गिरने लगती है। 35 साल की उम्र को मेडिकल की दुनिया में एक 'कट-ऑफ' जैसा माना जाता है। इस उम्र के बाद नैचुरली कंसीव करने में थोड़ा वक्त लग सकता है। कई बार तो डॉक्टर्स या दवाइयों का सहारा भी लेना पड़ता है क्योंकि शरीर पहले जैसा साथ नहीं देता।

क्या वाकई ज्यादा उम्र में खतरा ज्यादा है?
35 के बाद अगर कोई मां बनती है, तो हाई बीपी या शुगर (Diabetes) होने का चांस बढ़ जाता है। कई बार डिलीवरी के वक्त कॉम्प्लिकेशंस आ जाते हैं और सिजेरियन (operation) की नौबत ज्यादा पड़ती है। सिर्फ मां ही नहीं, बच्चे की सेहत पर भी असर पड़ सकता है—जैसे बच्चे का वजन कम होना या समय से पहले पैदा होना। इसलिए इस उम्र में रिस्क फैक्टर थोड़ा 'हाई' रहता है।

घबराएं नहीं, बस थोड़ी एक्स्ट्रा केयर है जरूरी
अब इसका मतलब ये नहीं कि 35 के बाद आप मां नहीं बन सकतीं। आज की मेडिकल साइंस बहुत आगे है। बस फर्क इतना है कि आपको अपनी सेहत का दोगुना ख्याल रखना होगा। समय-समय पर चेकअप, अच्छी डाइट और डॉक्टर की हर छोटी बात को मानना आपके और आपके होने वाले बच्चे के लिए बहुत जरूरी है। चाहे उम्र जो भी हो, अगर आप मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार हैं, तो सही डॉक्टरी सलाह के साथ आप एक हेल्दी बच्चे को जन्म दे सकती हैं।

Disclaimer: यह जानकारी सिर्फ आपकी अवेयरनेस के लिए है। हर किसी की बॉडी अलग होती है, इसलिए प्रेग्नेंसी से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह ज़रूर लें। इसे डॉक्टरी इलाज न समझें।

Written by: Anushka sagar