हिंदू धर्म में हनुमान जयंती का अत्यंत विशेष महत्व है। यह पावन पर्व भगवान हनुमान के जन्मोत्सव के रूप में पूरे देश में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। मान्यता है कि चैत्र मास की पूर्णिमा तिथि को अंजनी पुत्र हनुमान का जन्म हुआ था, इसलिए इस दिन उनकी पूजा-अर्चना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस वर्ष चैत्र पूर्णिमा तिथि 1 अप्रैल 2026 को सुबह 7:06 बजे प्रारंभ हुई और 2 अप्रैल 2026 को सुबह 7:41 बजे समाप्त हो रही है। उदया तिथि के अनुसार हनुमान जयंती 2 अप्रैल को मनाई जा रही है। इस शुभ अवसर पर भक्तजन हनुमान जी की पूजा करके शक्ति, साहस और सफलता की कामना करते हैं। ऐसा माना जाता है कि सही विधि और शुभ मुहूर्त में पूजा करने से जीवन की अनेक समस्याओं का समाधान हो सकता है। आइए जानते हैं हनुमान जयंती की पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और महत्वपूर्ण उपाय।

पूजा का शुभ हनुमान जयंती के शुभ योग

इस वर्ष हनुमान जयंती पर ध्रुव योग और हस्त नक्षत्र का विशेष संयोग बन रहा है। ध्रुव योग दोपहर 2:20 बजे तक रहेगा, जिसे अत्यंत शुभ माना जाता है। साथ ही, हस्त नक्षत्र का प्रभाव शाम तक रहेगा, जिससे पूजा का महत्व और बढ़ जाता है।

मुहूर्त (2026)

  • सुबह: 6:10 बजे से 7:44 बजे तक
  • शाम: 6:39 बजे से 8:06 बजे तक
  • ब्रह्म मुहूर्त: 4:38 बजे से 5:24 बजे तक
  • अभिजीत मुहूर्त: 12:00 बजे से 12:50 बजे तक

हनुमान जयंती पूजा विधि

  • सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें।
  • इस दिन लाल रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है, क्योंकि यह रंग हनुमान जी को प्रिय है।
  • व्रत का संकल्प लेकर घर के मंदिर को साफ करें और गंगाजल से शुद्ध करें।
  • मंदिर में लाल कपड़ा बिछाकर हनुमान जी की मूर्ति या तस्वीर स्थापित करें।
  • चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर भगवान को तिलक लगाएं।
  • इसके बाद फूल, चंदन, माला, चोला, जनेऊ और लाल लंगोट अर्पित करें।
  • घी या चमेली के तेल का दीपक जलाकर भोग लगाएं।
  • हनुमान चालीसा, मंत्र, कथा और बजरंग बाण का पाठ करें।
  • अंत में आरती करें और पूजा में हुई किसी भी भूल के लिए क्षमा प्रार्थना करें।

पूजा सामग्री

  • चंदन, सिंदूर, अक्षत
  • अगरबत्ती, धूप-दीप
  • लाल वस्त्र
  • हनुमान जी की मूर्ति या चित्र
  • चमेली का तेल
  • लाल फूलों की माला
  • पंचामृत, पंचफल
  • जनेऊ, तुलसी, पान
  • ध्वज, लाल लंगोट
  • लौंग, गुड़, चना
  • बेसन के लड्डू, पंजरी, रोठ

हनुमान जयंती का यह पावन दिन भक्ति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर होता है। इस दिन विधिपूर्वक पूजा करने से जीवन में बल, बुद्धि और सफलता की प्राप्ति होती है।

Written By Toshi Shah