12 foot crocodile on sofa: जिम्बाब्वे के विक्टोरिया फॉल्स इलाके में प्रकृति का एक चौंकाने वाला नज़ारा देखने को मिला, जहां जाम्बेजी नदी से निकला एक विशाल मगरमच्छ सीधे एक मशहूर रेस्तरां में घुस गया और हैरानी की बात यह रही कि वह आराम से सोफे पर बैठ गया, जैसे कोई मेहमान हो।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिम्बाब्वे के इस रेस्तरां में सामान्य दिनों की तरह माहौल खुशनुमा था। पर्यटक खाना एंजॉय कर रहे थे, बच्चे खेल रहे थे और लोग तस्वीरें खींच रहे थे। तभी अचानक दरवाजे से रेंगता हुआ करीब 12 फीट लंबा मगरमच्छ अंदर आ गया। उसे देखते ही पूरा हॉल सन्न हो गया और फिर अफरा-तफरी मच गई। हैरानी की बात यह रही कि वह किसी पर हमला करने के बजाय सीधे जाकर सोफे पर बैठ गया।
सोफे पर मगरमच्छ का ‘आराम’
चश्मदीदों के मुताबिक, यह नज़ारा इतना डरावना था कि लोगों के होश उड़ गए। महिलाएं बच्चों को लेकर भागने लगीं और कई लोग जान बचाने के लिए टेबल पर चढ़ गए। बताया जा रहा है कि रेस्तरां जाम्बेजी नदी के पास स्थित है और हाल की भारी बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ गया था। इसी वजह से रास्ता भटककर यह विशाल मगरमच्छ सीधे रेस्तरां तक पहुंच गया।
रेंजर्स का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
होटल प्रबंधन ने तुरंत वाइल्डलाइफ रेंजर्स को सूचना दी, जिसके बाद टीम करीब 15 मिनट में मौके पर पहुंच गई। सौभाग्य से मगरमच्छ शांत अवस्था में सोफे पर बैठा था, इसलिए उसे काबू करने के लिए ट्रैंक्विलाइजर का इस्तेमाल नहीं करना पड़ा। रेंजर्स ने सावधानीपूर्वक जाल और रस्सियों की मदद से उसे पकड़ा और फिर ट्रक में डालकर सुरक्षित रूप से जंगल में नदी किनारे वापस छोड़ दिया।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
घटना के बाद जिम्बाब्वे वाइल्डलाइफ अथॉरिटी ने नदी किनारे स्थित सभी होटलों और रेस्तरां को कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने कहा है कि ऐसे स्थानों के आसपास मजबूत फेंसिंग लगाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। राहत की बात यह रही कि इस पूरे मामले में किसी को कोई चोट नहीं आई, लेकिन सोफे पर आराम फरमाते मगरमच्छ की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
Written By - Namita Verma