पिछले कुछ वर्षों में स्मार्टफोन तकनीक ने जबरदस्त प्रगति की है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आने के बाद ये डिवाइस पहले से कहीं अधिक स्मार्ट और उपयोग में आसान हो गए हैं। शक्तिशाली हार्डवेयर और उन्नत सॉफ्टवेयर की मदद से अब स्मार्टफोन कई ऐसे काम कर सकते हैं, जो पहले केवल कंप्यूटर पर ही संभव माने जाते थे। हालांकि, जितना जरूरी इनका सही उपयोग है, उतना ही जरूरी कुछ गलतियों से बचना भी है। कई बार छोटी-सी लापरवाही आपके डेटा, गोपनीय जानकारी और डिजिटल सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
सिक्योरिटी फीचर्स को कभी न करेंबं द
चाहे आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हों या आईफोन, आज लगभग सभी आधुनिक डिवाइस कई महत्वपूर्ण सुरक्षा सुविधाओं के साथ आते हैं। ये फीचर्स आपके फोन को मालवेयर, वायरस, डेटा चोरी और साइबर हमलों से सुरक्षित रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा, यदि फोन खो जाए या चोरी हो जाए, तब भी ये सुविधाएं आपके निजी डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं।
ये फीचर्स कर सकते हैं मदद
फोन में मौजूद डिवाइस प्रोटेक्शन, लोकेशन ट्रैकिंग, रिमोट लॉक और ऐप स्कैनिंग जैसे सुरक्षा फीचर्स लगातार डिवाइस की निगरानी करते रहते हैं। इनकी मदद से संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सकता है और संभावित खतरों को रोका जा सकता है।
बड़े नुकसान से बचा सकती है ये छोटी-सी सावधानी
कई उपयोगकर्ता बेहतर प्रदर्शन या बैटरी बचाने के लिए इन सुरक्षा विकल्पों को बंद कर देते हैं, लेकिन ऐसा करना जोखिम भरा साबित हो सकता है। सुरक्षा फीचर्स निष्क्रिय होने पर साइबर अपराधियों के लिए फोन में सेंध लगाना, संवेदनशील जानकारी चुराना या हानिकारक सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करना आसान हो सकता है। इसलिए अपने स्मार्टफोन में उपलब्ध सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा सुविधाओं को हमेशा सक्रिय रखें और समय-समय पर उनकी सेटिंग्स की जांच करते रहें। यह एक छोटी-सी सावधानी है, जो आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है।
Written By Toshi Shah