बिहार के नालंदा जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। इस्लामपुर प्रखंड के कटवारसलपुर गांव में तीन बच्चों की मां ने अपने से 12 साल छोटे युवक के साथ मंदिर में शादी रचा ली। इस शादी की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला के पति ने खुद दोनों की शादी करवाई और पूरे घटनाक्रम के दौरान परिवार के सदस्य तथा ग्रामीण भी मौजूद रहे।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, कटवारसलपुर गांव की 36 वर्षीय विवाहित महिला और गांव के ही 24 वर्षीय युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला जारी था। गांव के लोगों को भी उनके रिश्ते की जानकारी धीरे-धीरे होने लगी थी। हालांकि परिवार की ओर से इस संबंध को लेकर कोई खुली प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी।

आधी रात को प्रेमिका से मिलने आया युवक

शुक्रवार की रात मामला तब उजागर हो गया, जब युवक आधी रात को महिला से मिलने उसके घर पहुंच गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को देख लिया और हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में गांव वाले और दोनों पक्षों के परिजन इकट्ठा हो गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलने के बाद खुदागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। वहां दोनों पक्षों के परिजन और ग्रामीण भी पहुंचे। पूछताछ के दौरान युवक ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह महिला से प्रेम करता है और जीवनभर उसके साथ रहना चाहता है। महिला ने भी युवक के साथ रहने की इच्छा जताई।

मंदिर में महिला और उसके प्रेमी की करा गई शादी

इस घटना के बाद महिला के पति ने बड़ा फैसला लेते हुए पत्नी के साथ आगे रहने से इनकार कर दिया। हालांकि उसने विवाद बढ़ाने के बजाय दोनों के रिश्ते को स्वीकार कर लिया। इसके बाद गांव के पास स्थित एक मंदिर में महिला और उसके प्रेमी की शादी करा दी गई। शादी के दौरान युवक के परिजन, महिला का पति, ग्रामीण और अन्य लोग मौजूद रहे।

घटना से रिश्तों पर उठे सवाल

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक पहलू महिला के बच्चों से जुड़ा रहा। बताया गया कि महिला के तीनों बच्चों ने अपनी मां के साथ जाने से इनकार कर दिया और अपने पिता के साथ रहने का फैसला किया। इस अनोखी शादी और पारिवारिक निर्णय की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है। लोग इसे प्रेम, सामाजिक स्वीकृति और पारिवारिक परिस्थितियों से जुड़ा एक असाधारण मामला बता रहे हैं।

 

Written By: Geeta Sharma