New Delhi: दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली विधानसभा में सोमवार को एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई, जब एक अज्ञात कार बैरियर तोड़कर परिसर के अंदर घुस गई। यह घटना गेट नंबर 2 पर हुई, जहां से वाहन जबरन अंदर प्रवेश कर गया और कुछ ही मिनटों में बाहर निकलने में भी सफल रहा।

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में चूक

विधानसभा कार्यालय के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे VIP गेट की ओर से आई इस कार ने सुरक्षा बैरियर को तोड़ दिया। अंदर घुसने के बाद चालक ने विधानसभा स्पीकर की गाड़ी के पास फूलों का गुलदस्ता और कुछ कागजात रखे। इसके बाद वाहन उसी रास्ते से तेजी से बाहर निकल गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार उत्तर प्रदेश नंबर प्लेट की थी और इस दौरान लोहे का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया।

अलर्ट मोड पर सुरक्षा एजेंसियां

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और उसमें सवार व्यक्ति की पहचान की जा सके। इस घटना ने राजधानी की हाई-सिक्योरिटी मानी जाने वाली जगहों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

पहले भी सुरक्षा व्यवस्था में हो चुकी है चूक

इससे पहले भी देश की सुरक्षा व्यवस्था में चूक का मामला सामने आ चुका है। 13 दिसंबर 2023 को संसद भवन में हुई घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। 2001 में Indian Parliament attack की बरसी के दिन, लोकसभा की कार्यवाही के दौरान 2 युवक दर्शक दीर्घा से कूदकर सदन के भीतर पहुंच गए थे।

 Writen By: Geeta Sharma