प्रयागराज। प्रयागराज में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 8 अगस्त को छात्रों से संवाद करेंगे। छात्रों की गूंज कार्यक्रम को सफाल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ ही इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्षों और छात्र नेताओं ने कमर कस ली है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में लग गए हैं।

पौने दो लाख छात्रों का पंजीकरण

केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए अब तक करीब पौने दो लाख (1.75 लाख) छात्रों का पंजीकरण किया जा चुका है। आयोजन समिति का दावा है कि यह कार्यक्रम राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि छात्रों से राहुल गांधी का सीधा संवाद होगा।

आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार, कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों की समस्याएं सुनेंगे और शिक्षा, रोजगार व अन्य मुद्दों पर उनसे चर्चा करेंगे। इसके लिए 27 जून से लगातार पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है।

क्यूआर कोड और मोबाइल नंबर से पंजीकरण

छात्रों का पंजीकरण क्यूआर कोड और मोबाइल नंबर के माध्यम से किया जा रहा है। अभियान के समन्वयक अनिल यादव, विवेकानन्द पाठक और मनोज यादव बनाए गए हैं। इनके नेतृत्व में एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस और इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ से जुड़े पदाधिकारियों सहित 50 युवाओं की एक्शन कमेटी छात्रों से संपर्क कर रही है।

जॉब नहीं तो सिंहासन हिलेगा

टीम विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, हॉस्टलों, डेलीगेसी, कोचिंग संस्थानों, ई-लाइब्रेरी और लॉज में जाकर छात्रों से संपर्क कर रही है। जिन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं, वहां गोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के दौरान हस्ताक्षर अभियान, मशाल जुलूस और आक्रोश मार्च जैसे कार्यक्रम भी किए गए हैं। इस अभियान का नारा "जॉब नहीं तो सिंहासन हिलेगा" रखा गया है।

छात्र संवाद को सफल बनाने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। अजय राय ने गृहमंत्री अमित शाह की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आठ अगस्त को लाखों बच्चों से संवाद करेंगे। इस संवाद में बेरोजगारी और पेपरलीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चढ़ावा चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है, जो कि कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

यह भी पढ़ें:  ‘गृह मंत्री चेहरा छिपा रहे हैं क्योंकि...’: राहुल गांधी का अमित शाह पर बड़ा हमला

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी का कार्यक्रम 8 तारीख को शाम को 5 बजे है जो केपी ग्रांउड में आयोजित होने जा रहा है। हम लोगों ने मंगलकामना की है देश और प्रदेश के बच्चियों का भविष्य उज्जवल हो और उनका मंगल हो और हमारा कार्यक्रम अच्छा हो। हम सब उसमें पूरी ताकत लगाकर काम करेंगे।"

Written By: Pradeep Singh