नई दिल्ली। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर को जीत की बधाई देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह परिणाम देश में बदलाव की जनता की इच्छा और केंद्र सरकार के प्रति बढ़ते असंतोष का संकेत है।

भाजपा के पैरों तले जमीन पूरी तरह खिसक चुकी है

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से हराया। किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि नीरज कुमार को 44,827 वोट प्राप्त हुए।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भाजपा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट भी हार गई। प्रशांत किशोर जी ने बांकीपुर से बड़े अंतर से जीत हासिल की है। उन्हें हार्दिक बधाई।"

उन्होंने आगे कहा, "भाजपा के पैरों तले जमीन पूरी तरह खिसक चुकी है। फंड चोरी, पेपर लीक, E20 जैसे मुद्दों को लेकर मोदी सरकार के प्रति लोगों में गहरा असंतोष है। अहंकार टूट रहा है। देश की जनता ने बदलाव का संकेत दे दिया है।"

जन सुराज पार्टी की पहली चुनावी सफलता

यह जीत जन सुराज पार्टी की स्थापना के बाद प्रशांत किशोर की पहली चुनावी सफलता है। उल्लेखनीय है कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। निर्वाचन आयोग के अनुसार, उपचुनाव में 34.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट पर हार

भाजपा के लिए यह हार केवल एक सीट गंवाने तक सीमित नहीं मानी जा रही है। बांकीपुर सीट 1995 से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। पहले इस सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने किया था और बाद में उनके पुत्र तथा वर्तमान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार पांच बार यहां से विधायक चुने गए। नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट रिक्त हुई थी, जिसके कारण उपचुनाव कराया गया।

यह भी पढ़ें: बांकीपुर में बीजेपी की हार पर अखिलेश का तीखा हमला, बोले- 'अहंकार का बुखार भी उतर गया'

2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन ने इसी सीट पर 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। ऐसे में उसी सीट पर प्रशांत किशोर की जीत को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

इससे पहले प्रशांत किशोर ने भी अपनी जीत को सिर्फ एक विधानसभा सीट की जीत नहीं बताया। उन्होंने कहा, "राज्य चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने बिहार की कमान ऐसे व्यक्ति को सौंपी, जिस पर आपराधिक प्रवृत्ति और संदिग्ध आचरण के आरोप हैं। बिहार की जनता ऐसे नेतृत्व को स्वीकार नहीं करती।"


Written By: Pradeep Singh