युवाओं के बीच सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में शामिल Instagram जल्द ही अपने यूजर्स के लिए एक नया और खास फीचर पेश करने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी पसंद के अनुसार फीड को पहले से ज्यादा आसानी से कस्टमाइज कर सकेंगे। यानी अब यह तय करना आसान होगा कि फीड में किस तरह का कंटेंट दिखाई दे और किस तरह का नहीं।

क्या है 'Your Algorithm' फीचर?

Instagram के प्रमुख एडम मोसेरी ने जानकारी दी है कि कंपनी 'Your Algorithm' नाम के नए फीचर पर काम कर रही है। इसका उद्देश्य यूजर्स को उनके कंटेंट रिकमेंडेशन पर अधिक नियंत्रण देना है। इस फीचर के जरिए लोग अपनी रुचि के विषय चुन सकेंगे, जिससे उनकी फीड उसी हिसाब से तैयार होगी।

इंटरफेस में भी हो सकते हैं बदलाव

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फीचर के साथ Instagram के इंटरफेस में भी कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कंपनी फिलहाल अलग-अलग डिजाइन और लेआउट पर काम कर रही है ताकि यूजर्स को बेहतर अनुभव मिल सके।

कंटेंट देखते समय ही बता सकेंगे अपनी पसंद या नापसंद

सबसे खास बात यह होगी कि यूजर्स को बार-बार सेटिंग्स में जाकर बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे कंटेंट देखते समय ही अपनी पसंद या नापसंद बता सकेंगे, जिससे एल्गोरिदम तुरंत उसी के अनुसार फीड को अपडेट करेगा।

कैसे करेगा काम?

Meta का कहना है कि नया सिस्टम रियल-टाइम फीडबैक पर आधारित होगा। यदि कोई यूजर किसी रील या पोस्ट को देख रहा है, तो उसी समय वह यह बता सकेगा कि उसे ऐसे कंटेंट में रुचि है या नहीं। इसके बाद Instagram का एल्गोरिदम उसी के अनुसार नई पोस्ट और वीडियो दिखाना शुरू कर देगा। बता दें कि इससे यूजर्स को अपनी पसंद का कंटेंट जल्दी और अधिक सटीक तरीके से देखने को मिलेगा।

कब मिलेगा नया फीचर?

फिलहाल Meta इस फीचर की टेस्टिंग कर रही है। कंपनी के अनुसार, कुछ बदलाव सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि अन्य फीचर्स का परीक्षण जल्द शुरू होगा। यदि सभी परीक्षण सफल रहते हैं, तो आने वाले कुछ महीनों में इसे सभी यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा सकता है।

 

 

Written By Toshi Shah