Faridabad Poisoning Case: फरीदाबाद में अपनी महिला मित्र की किसी अन्य व्यक्ति से सगाई होने पर क्रोधित हुए एक युवक ने जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बता दें कि यह घटना गुरुवार को फरीदाबाद में घटी। युवक लगातार महिला पर सगाई तोड़ने दबाव बना रहा था और जब महिला ने इनकार कर दिया, तो उसने कथित तौर पर महिला को जहरीला पदार्थ जबरदस्ती खिलाया और फिर बाद में खुद भी निगल लिया।
सगाई टूटवाने का बना रहा था दबाव
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक और महिला के बीच पिछले आठ साल से दोस्ती थी। आपको बता दें कि जनवरी माह में महिला की सगाई किसी दूसरे पुरुष से तय होने के बाद उसने आरोपी युवक से बातचीत कम कर दी थी। सगाई को लेकर नाराज आरोपी युवक महिला पर सगाई तोड़ने का दबाव बना रहा था। जब महिला ने साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने कथित रूप से उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया।
हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गया आरोपी
आपको बता दें कि जैसे ही घटना के बाद जब महिला की तबीयत बिगड़ने लगी, तो आरोपी युवक खुद उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। पुलिस ने बताया कि महिला को जहरीले पदार्थ देने के दौरान युवक ने खुद भी जहर खाया था। स्थिति बिगड़ती देख दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
महिला की शिकायत पर FIR दर्ज
"इस दौरान मोनू ने मुझ पर सगाई तोड़ने का दबाव डाला, लेकिन मैंने साफ इनकार कर दिया और भविष्य में उससे कोई संपर्क न रखने का भी फैसला किया। इससे क्रोधित होकर मोनू ने अपनी कार से जहरीले पदार्थ का एक पैकेट निकाला और जबरदस्ती मेरे मुंह में डाल दिया। फिर उसने खुद भी उसे निगल लिया," महिला ने आरोप लगाया।" कुछ ही समय में हम दोनों की तबीयत खराब होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख मोनू मुझे अपनी कार में बिठाकर एक निजी अस्पताल ले गया," उसने कहा।
युवती की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ एफआईआर शुक्रवार को सेक्टर 58 थाना क्षेत्र में दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नोएडा निवासी मोनू भाटी के रूप में हुई है। वही, युवती पलवल जिले के एक गांव की निवासी है जो कि एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम करती है। बता दें कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची और महिला का बयान दर्ज किया, जिसके बाद आरोपी मोनू भाटी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
Written By - Namita Verma