Health News: फेफड़ों में पानी भरना एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसे समय रहते पहचानना और इलाज कराना बेहद जरूरी होता है। 'स्वास्थ्य ही धन है' कहावत आज के समय में और भी महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि बदलती जीवनशैली और बढ़ती बीमारियों के बीच लोग अब अपनी सेहत को लेकर ज्यादा सतर्क हो रहे हैं। इसी संदर्भ में यह जानना जरूरी है कि फेफड़ों में पानी भरना कितना खतरनाक हो सकता है और इसके पीछे क्या कारण होते हैं।
हार्ट की खराब फंक्शन से लंग्स में भरता है पानी
डॉक्टरों के अनुसार फेफड़ों में पानी भरने की स्थिति को मेडिकल भाषा में पल्मोनरी एडिमा कहा जाता है। यह समस्या सीधे तौर पर केवल फेफड़ों से जुड़ी नहीं होती, बल्कि इसका मुख्य कारण हार्ट की खराब फंक्शन होती है। जब हार्ट सही तरीके से खून को पंप नहीं कर पाता, तो खून का दबाव बढ़ जाता है और तरल पदार्थ फेफड़ों में जमा होने लगता है। इसके अलावा, फेफड़ों की टीबी, किसी प्रकार का इंफेक्शन या अन्य गंभीर बीमारियां भी इस समस्या को जन्म दे सकती हैं।
फेफड़ों में पानी भरना क्यों खतरनाक होता है?
यह स्थिति इसलिए खतरनाक मानी जाती है क्योंकि इसका असर शरीर के दो महत्वपूर्ण अंगों हार्ट और फेफड़ों दोनों पर पड़ता है। फेफड़ों में पानी जमा होने से सांस लेने में कठिनाई होती है और शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। अगर समय पर इलाज न किया जाए, तो यह स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है और हार्ट फेल होने का खतरा भी बढ़ जाता है।
इसके क्या क्या लक्षण होते है?
इसके लक्षणों की बात करें तो मरीज को लगातार खांसी आना, दवा लेने के बाद भी आराम न मिलना, छाती में तेज दर्द, सांस लेने में परेशानी और उल्टी जैसा महसूस होना शामिल है। इन संकेतों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
बचाव के लिए क्या करें
बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि यदि किसी को टीबी या अन्य फेफड़ों से जुड़ी बीमारी है तो उसका पूरा और सही इलाज कराया जाए। साथ ही, कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखना चाहिए। अगर लंबे समय तक खांसी बनी रहती है या फेफड़ों में किसी तरह का संक्रमण महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। समय पर जागरूकता और उपचार से इस गंभीर समस्या से बचा जा सकता है।
Write By: Geeta Sharma