AI चैटबॉट्स के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सबसे बड़ा फायदा आम यूजर्स को मिलता है। वजह साफ है—यूजर्स के पास अलग-अलग चैटबॉट्स के बीच स्विच करने का विकल्प होता है, जिससे वे अपनी जरूरत के हिसाब से बेहतर टूल चुन सकते हैं, लेकिन इस पूरे अनुभव में एक बड़ी चुनौती “मेमोरी” की रहती है। जब आप किसी एक चैटबॉट का लंबे समय तक इस्तेमाल करते हैं, तो वह आपकी पसंद, आदतों और जरूरतों को समझने लगता है और उसी आधार पर ज्यादा सटीक जवाब देता है, लेकिन जब आप स्विच करते हो तो मेमोरी के वजह से कभी-कभी सटीक जबाव नहीं मिलता है। इसी समस्या को हल करने के लिए AI कंपनियां अब “मेमोरी इंपोर्ट” जैसी सुविधाएं ला रही हैं। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी बातचीत और डेटा को एक चैटबॉट से दूसरे में ट्रांसफर कर सकते हैं। हाल ही में Google ने भी अपने Gemini प्लेटफॉर्म के लिए ऐसा ही फीचर पेश किया है।

मेमोरी इंपोर्ट फीचर कैसे करता है काम?

यह फीचर सुनने में जितना जटिल लगता है, इस्तेमाल में उतना ही आसान है। इसमें एक चैटबॉट आपको एक खास “एक्सपोर्ट प्रॉम्प्ट” देता है। इस प्रॉम्प्ट को आपको उस चैटबॉट में डालना होता है, जहां से आप अपनी मेमोरी निकालना चाहते हैं।

प्रॉम्प्ट डालने के बाद, वह चैटबॉट आपकी पिछली बातचीत के आधार पर एक टेक्स्ट या फाइल तैयार करता है। फिर इस डेटा को आप कॉपी करके दूसरे चैटबॉट में पेस्ट कर सकते हैं। जैसे ही आप ऐसा करते हैं, नई सर्विस आपकी पुरानी जानकारी को अपनी मेमोरी में सेव कर लेती है।

Anthropic के Claude में हो चुका है मेमोरी एक्सपोर्ट

इससे पहले Anthropic के Claude में भी इस तरह का सपोर्ट देखने को मिला था। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार Google एक और एडवांस फीचर पर काम कर रहा है, जिसमें यूजर्स अलग-अलग AI चैटबॉट्स से अपनी सारी चैट्स एक साथ इंपोर्ट कर सकेंगे। हालांकि, यह फीचर कब तक आएगा, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

ChatGPT से Gemini में मेमोरी इंपोर्ट करने का तरीका

ध्यान दें कि फिलहाल यह सुविधा सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है और इसे अभी Gemini ऐप के बीटा वर्जन में देखा गया है। जब यह फीचर पूरी तरह लॉन्च होगा, तब आप नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो कर सकते हैं:

  • सबसे पहले अपने फोन में Gemini ऐप खोलें।
  • ऐप के ऊपर बाईं तरफ दिख रहे प्रोफाइल आइकन पर टैप करें।
  • नीचे स्क्रॉल करें और “Connected Apps” के नीचे “Import memory to Gemini” विकल्प चुनें।
  • यहां आपको एक प्रॉम्प्ट मिलेगा, जिसे “Copy” बटन से कॉपी कर लें।
  • अब ChatGPT ऐप खोलें और इस प्रॉम्प्ट को एक नई चैट में पेस्ट करें।
  • ChatGPT जो जवाब देगा, उसे पूरा कॉपी कर लें।
  • फिर वापस Gemini ऐप में जाकर उसी सेक्शन में इस टेक्स्ट को पेस्ट करें।
  • अंत में “Add memory” पर टैप करें, ताकि आपकी जानकारी सेव हो जाए।

इस प्रक्रिया के बाद Gemini आपके द्वारा दी गई पुरानी जानकारी को समझकर उसी आधार पर जवाब देना शुरू कर देगा। इस तरह, आप बिना शुरुआत से सब कुछ दोहराए आसानी से नए चैटबॉट पर शिफ्ट हो सकते हैं।

  Written By Toshi Shah