अगर आप चाय में पत्तियों के साथ अदरक का इस्तेमाल ज्यादा मात्रा में करते हैं या उसकी खुशबू आपको बार-बार आकर्षित करती है, तो थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है। अदरक की चाय जहां एक तरफ सुकून और ताजगी देती है, वहीं अधिक सेवन करने पर कुछ लोगों में एसिडिटी, सीने में जलन और पेट से जुड़ी समस्याएं भी पैदा कर सकती है। इसलिए इसे सीमित मात्रा में लेना ही सेहत के लिए बेहतर माना जाता है।

क्या अदरक की चाय नुकसानदायक है?

कई लोगों का दिन ही अदरक वाली चाय के साथ शुरु होता हैं, बिना चाय के उनको दिन अधूरा सा लगता है, और कुछ लोग इसे सेहत के लिए फायदेमंद मानकर दिन में कई बार पी लेते हैं। लेकिन, विशेषज्ञ एक दिन में लगभग 4 ग्राम से ज्यादा अदरक के सेवन से बचने की सलाह देते हैं। हालांकि सामान्य चाय से इतनी मात्रा तक पहुंचना मुश्किल है, लेकिन अगर दिनभर अदरक वाली चाय, काढ़ा और अन्य चीजों का सेवन लगातार किया जाए तो इसकी कुल मात्रा बढ़ सकती है।

अदरक की चाय से क्या दिक्कत हो सकती है?

कुछ लोगों को अदरक की चाय पीने के बाद सीने में जलन, एसिडिटी या पेट में हल्की असहजता महसूस हो है। कई बार इसे लोग अदरक से एलर्जी समझ लेते हैं, जबकि यह मसालेदार चीजों के कारण होने वाली सामान्य प्रतिक्रिया भी हो सकती है। हालांकि अगर चाय पीने के बाद शरीर पर चकत्ते, खुजली या पेट में तेज परेशानी जैसे लक्षण दिखें, तो इसे हल्के में न लेकर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।

किन लोगों को अदरक की चाय से दिक्कत हो सकती है?

अगर आपको पहले से गॉलब्लैडर से जुड़ी कोई समस्या है, तो अदरक की चाय का नियमित सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी माना जाता है। अदरक ब्लड प्रेशर को थोड़ा कम करने में मदद कर है, इसलिए जिन लोगों का ब्लड प्रेशर पहले से कम रहता है या जो इसकी दवाएं लेते हैं, उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए। इसके अलावा अदरक में ऐसे तत्व भी होते हैं जो खून को थोड़ा पतला कर सकते हैं, इसलिए ब्लीडिंग डिसऑर्डर वाले मरीजों और ब्लड थिनर दवाएं लेने वालों को इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए और डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर होता है।

अदरक की चाय: सिर्फ नुकसानदायक नहीं, फायदेमंद भी

हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि अदरक की चाय केवल नुकसान ही करती है। सही मात्रा में इसका सेवन कई लोगों के लिए फायदेमंद भी हो सकता है। रिसर्च के अनुसार यह मतली, उल्टी, अपच और पेट खराब होने जैसी समस्याओं में राहत देने में मदद कर सकती है। कुछ मामलों में सर्जरी या कीमोथेरेपी के बाद होने वाली मतली में भी इससे लाभ देखा गया है। इसके अलावा अदरक में मौजूद जिंजरोल नामक तत्व शरीर में सूजन को कम करने में सहायक माना जाता है।

 

 

Written By: Archana Gupta