बाथरूम की साफ-सफाई केवल घर की सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी जरूरी होती है। कई बार नियमित सफाई के बावजूद नल, वॉशबेसिन, कमोड या टाइल्स के आसपास नीले या हरे रंग के जिद्दी दाग दिखाई देने लगते हैं। ये निशान पूरे बाथरूम का लुक खराब कर देते हैं। अच्छी बात यह है कि इन्हें हटाने के लिए हर बार महंगे केमिकल क्लीनर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती। रसोई में मौजूद कुछ सामान्य चीजें भी इन दागों को हटाने में मददगार साबित हो सकती हैं।

आखिर क्यों बनते हैं नीले-हरे दाग?

अक्सर लोग इन निशानों को फफूंदी समझ लेते हैं, लेकिन हर बार इसकी वजह फफूंदी नहीं होती। यदि घर में तांबे (कॉपर) की पाइपलाइन लगी है, तो समय के साथ उसमें ऑक्सीकरण (ऑक्सीडेशन) होने के कारण नीले-हरे रंग के दाग बन सकते हैं। इसके अलावा बाथरूम में लगातार बनी रहने वाली नमी के कारण काई और फंगस भी विकसित हो सकती है। कुछ मामलों में पानी में मौजूद खनिज या पुरानी पाइपों में जंग लगने से भी ऐसे निशान दिखाई देते हैं।

सिरका, नमक और आटे का पेस्ट

इन जिद्दी दागों को हटाने के लिए सफेद सिरका, नमक और आटे को समान मात्रा में मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। इस मिश्रण को प्रभावित हिस्से पर लगभग आधे घंटे तक लगा रहने दें। इसके बाद मुलायम ब्रश या स्पंज से हल्के हाथों से रगड़ें और साफ पानी से धो दें। इससे दाग काफी हद तक हल्के पड़ सकते हैं।

नमक और नींबू का आसान उपाय

अगर दाग ज्यादा पुराने नहीं हैं, तो केवल नमक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। दाग वाली जगह पर नमक छिड़ककर मुलायम कपड़े से धीरे-धीरे साफ करें। बेहतर परिणाम के लिए आधे कटे नींबू पर नमक लगाकर उसी से दाग वाली जगह रगड़ें। नींबू का प्राकृतिक अम्ल और नमक मिलकर जमा हुई परत को ढीला करने में मदद करते हैं।

बेकिंग सोडा और सफेद सिरका भी कारगर

बाथरूम की सफाई के लिए बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का मिश्रण भी एक लोकप्रिय घरेलू उपाय माना जाता है। दोनों को मिलाकर पेस्ट बनाएं और इसे दाग वाली जगह पर 10 से 15 मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद ब्रश से साफ करके पानी से धो लें। टाइल्स पर जमे दाग हटाने के लिए बेकिंग सोडा, हाइड्रोजन पेरॉक्साइड, टूथपेस्ट या रबिंग अल्कोहल का भी उपयोग किया जा सकता है। हालांकि किसी भी नए क्लीनिंग प्रोडक्ट या मिश्रण को पहले एक छोटे हिस्से पर आजमाना बेहतर रहता है, ताकि सतह को किसी प्रकार का नुकसान न हो।

बार-बार दाग लौट आएं तो क्या करें?

यदि सफाई के कुछ समय बाद फिर से वही नीले-हरे निशान दिखाई देने लगें, तो केवल सफाई करना पर्याप्त नहीं होगा। ऐसी स्थिति में पानी की गुणवत्ता या पाइपलाइन में किसी समस्या की संभावना हो सकती है। बेहतर होगा कि पानी की जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर प्लंबर से पाइपलाइन की जांच भी कराई जाए।

नमी कम रखें, दाग बनने से बचें

बाथरूम में नमी जितनी कम रहेगी, काई और फफूंदी बनने की संभावना भी उतनी ही कम होगी। नहाने के बाद एग्जॉस्ट फैन चलाना, दीवारों और फर्श पर जमा पानी को वाइपर से हटाना तथा नियमित रूप से सफाई करना अच्छी आदतें हैं। इन आसान उपायों को अपनाकर बाथरूम लंबे समय तक साफ, चमकदार और दाग-धब्बों से मुक्त रखा जा सकता है।

 

 

Written By Toshi Shah