इटली के फ्लोरेंस शहर में आर्नो नदी पर बना Ponte Vecchio दुनिया के सबसे अनोखे और ऐतिहासिक पुलों में गिना जाता है। इतालवी भाषा में इसका अर्थ “पुराना पुल” है। यह सिर्फ नदी पार करने का रास्ता नहीं, बल्कि सदियों पुराना बाजार, शाही इतिहास और आर्थिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक भी है। इसकी सबसे खास बात यह है कि पुल के दोनों ओर आज भी दुकानें और कुछ आवासीय संरचनाएं मौजूद हैं, जो इसे दुनिया के अन्य पुलों से अलग पहचान देती हैं।
यही से आया Bankruptcy शब्द
इतिहासकारों के अनुसार, आधुनिक अंग्रेजी शब्द “बैंकरप्सी” (Bankruptcy) की जड़ें भी इसी पुल से जुड़ी मानी जाती हैं। मध्यकाल में यहां व्यापारी बड़ी-बड़ी मेजों पर अपना सामान बेचते थे। यदि कोई व्यापारी कर्ज में डूब जाता और लेनदारों का पैसा लौटाने में असमर्थ होता, तो सैनिक उसकी व्यापारिक मेज तोड़ देते थे। इतालवी में मेज को “बांको” (Banco) और तोड़ने को “रोटो” (Rotto) कहा जाता था। इन दोनों शब्दों से बना “बांकोरोटो” धीरे-धीरे दिवालियापन की अवधारणा से जुड़ गया और आगे चलकर “बैंकरप्सी” शब्द का आधार बना।
कसाई के बदले आएं सोनार
शुरुआत में पुल की दुकानों में कसाई, मछली विक्रेता और चमड़े के व्यापारी कारोबार करते थे। लेकिन इनके काम से पैदा होने वाली गंदगी और दुर्गंध शासक वर्ग के लिए परेशानी का कारण बन गई। पुल के ऊपर से गुजरने वाला एक विशेष शाही मार्ग, Vasari Corridor, टाउन हॉल को शासक परिवार के महल से जोड़ता था। जब Ferdinando I de' Medici इस मार्ग से गुजरते, तो नीचे के बाजार की बदबू उन्हें परेशान करती थी। इसके बाद उन्होंने कसाइयों और मछली विक्रेताओं को हटाकर उनकी जगह केवल सुनारों और जौहरियों को दुकानें देने का आदेश जारी किया। यही कारण है कि आज भी पुल पर अधिकांश दुकानें आभूषणों और कलात्मक वस्तुओं की बिक्री से जुड़ी हैं।
रोमन काल का है इतिहास
इस स्थान का इतिहास रोमन काल तक जाता है। यहां नदी पार करने के लिए पहले लकड़ी का पुल था, जिसका उल्लेख वर्ष 996 में मिलता है। वर्ष 1333 की विनाशकारी बाढ़ में वह नष्ट हो गया। इसके बाद 1339 में नए पत्थर के पुल का निर्माण शुरू हुआ और 1345 में यह पूरा हुआ। माना जाता है कि इसे Taddeo Gaddi ने डिजाइन किया था। तीन विशाल मेहराबों पर आधारित इसकी संरचना इतनी मजबूत साबित हुई कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जब फ्लोरेंस के अधिकांश पुल नष्ट कर दिए गए, तब भी पोंटे वेचियो सुरक्षित बचा रहा। आज यह फ्लोरेंस की पहचान और लाखों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।
Written By Toshi Shah